झारखंड विधानसभा के 25 और 26 नवंबर को होने वाले दो दिवसीय विशेष सत्र से पहले राज्य की राजनीति में सरगर्मी बढ़ गई है। सत्र के दौरान सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर बहस होने की संभावना है। खासतौर पर मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण यानी एसआईआर और खनिज एवं खनिज विकास विनियमन (एमएमडीआर) संशोधन अधिनियम को लेकर दोनों पक्षों के बीच टकराव हो सकता है। सत्र की तैयारियों और रणनीति को अंतिम रूप देने के लिए सोमवार को सत्तारूढ़ गठबंधन और भाजपा विधायक दल की अलग-अलग बैठकें होंगी। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन गठबंधन के मंत्रियों और विधायकों के साथ ऑनलाइन बैठक करेंगे। इसमें झारखंड मुक्ति मोर्चा, कांग्रेस, राष्ट्रीय जनता दल और वाम दलों के विधायक शामिल होंगे। बैठक में विशेष सत्र के दौरान सरकार की रणनीति पर विचार किया जाएगा। विपक्ष के सवालों का जवाब देने और सदन में सरकार का पक्ष मजबूती से रखने पर भी चर्चा होगी। गठबंधन के सभी विधायकों के बीच बेहतर तालमेल बनाने की योजना तैयार की जाएगी। दूसरी ओर, भाजपा विधायक दल की बैठक सोमवार शाम 4:30 बजे प्रदेश कार्यालय में आयोजित होगी। इसमें नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी सहित पार्टी के विधायक हिस्सा लेंगे। बैठक का मुख्य उद्देश्य विशेष सत्र में सरकार को घेरने की रणनीति तैयार करना है। भाजपा एसआईआर, राज्य की कानून-व्यवस्था और अन्य राजनीतिक विषयों पर सरकार से जवाब मांगने की तैयारी में है। इन बैठकों के बाद दोनों पक्षों की रणनीति सामने आने की उम्मीद है। सदन में एमएमडीआर संशोधन कानून और एसआईआर पर विशेष चर्चा प्रस्तावित है।
राज्य सरकार का मानना है कि केंद्र के एमएमडीआर संशोधन कानून से झारखंड के खनिज संसाधनों से जुड़े आर्थिक हित प्रभावित हो सकते हैं। इसी वजह से सरकार सदन में विरोध प्रस्ताव लाकर केंद्र सरकार को भेजने की तैयारी कर रही है। एसआईआर के मुद्दे पर भी सरकार अपनी चिंता रखेगी। सरकार को आशंका है कि मतदाता सूची के पुनरीक्षण के दौरान पात्र नागरिकों के नाम हट सकते हैं। वहीं भाजपा इन मुद्दों पर सरकार की दलीलों को चुनौती दे सकती है। इसके अलावा आदिवासी कार्यकर्ता निशा भगत की मौत का मामला भी सदन में उठने की संभावना है। विपक्ष इस मुद्दे पर सरकार से जवाब मांग सकता है। राज्य की कानून-व्यवस्था और अन्य जनहित से जुड़े विषयों पर भी चर्चा हो सकती है। ऐसे में विशेष सत्र के दौरान सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप तेज होने के आसार हैं।



