खूंटी पुलिस ने PLFI संगठन के नाम पर व्यवसायियों और सड़क निर्माण कार्य से जुड़े लोगों से लेवी मांगने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों की गिरफ्तारी रनिया थाना क्षेत्र से की गई है। पुलिस ने उनके पास से एक देशी कट्टा, एक जिंदा कारतूस और PLFI के तीन पर्चे बरामद किए हैं। इसके अलावा आरोपियों की एक मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन भी जब्त किया गया है। यह कार्रवाई खूंटी और पश्चिमी सिंहभूम जिले की पुलिस ने संयुक्त रूप से की। खूंटी एसपी ऋषभ गर्ग ने बताया कि 13 नवंबर को तपकरा थाना क्षेत्र के कमड़ा मोड़ स्थित एक आवासीय विद्यालय में PLFI का पर्चा फेंका गया था। इसके जरिए विद्यालय प्रबंधन से लेवी की मांग की गई थी। इसके दो दिन बाद यानी 15 नवंबर को पश्चिमी सिंहभूम के आनंदपुर थाना क्षेत्र में भी इसी तरह की घटना हुई। वहां VKS सड़क निर्माण कार्य से जुड़े लोगों को PLFI का पर्चा देकर पैसे मांगे गए थे। लगातार सामने आ रही इन घटनाओं को पुलिस ने गंभीरता से लिया। इसके बाद अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी तोरपा विजय कुमार सिंह के नेतृत्व में एक विशेष टीम बनाई गई। इस टीम में तपकरा, रनिया और आनंदपुर थाना की पुलिस को शामिल किया गया। पुलिस आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए लगातार सूचनाएं जुटा रही थी। इसी बीच 21 नवंबर को पुलिस को संदिग्धों के आने की जानकारी मिली।
सूचना के अनुसार, तीन व्यक्ति बिना नंबर प्लेट वाली पल्सर मोटरसाइकिल से जयपुर और कैलो की ओर से रनिया आ रहे थे। इसके बाद एसडीपीओ तोरपा के नेतृत्व में पुलिस टीम को मौके पर भेजा गया। पुलिस ने घेराबंदी कर दो संदिग्धों को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से हथियार, कारतूस और संगठन के तीन पर्चे मिले। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान केलो गांव निवासी संजू मांझी (24) और अंकुश बागे उर्फ दोन्दो (24) के रूप में हुई है। संजू मांझी के पिता का नाम बालू मांझी है, जबकि अंकुश बागे के पिता राम बागे हैं। दोनों रनिया थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। उन्हें न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया चल रही है। एसपी के मुताबिक, इस मामले में शामिल अन्य आरोपियों की भी पहचान कर ली गई है। उनकी गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी की जा रही है। संयुक्त छापेमारी दल में एसडीपीओ विजय कुमार सिंह, मनोहरपुर अंचल के अमित रोशन कुल्लू और रनिया थाना प्रभारी श्यामल कुंभकार शामिल थे। इसके अलावा आनंदपुर थाना प्रभारी प्रिंस, तपकरा थाना के सहायक अवर निरीक्षक कैलाश उरांव और तीनों थानों के सशस्त्र जवानों ने भी कार्रवाई में हिस्सा लिया।



