मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि झारखंड सरकार वर्ष 2050 के राज्य की जरूरतों और संभावनाओं को ध्यान में रखकर दीर्घकालिक विकास योजना तैयार कर रही है। सरकार ऐसी नीतियां बनाने पर काम कर रही है, जिनका लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंच सके। झारखंड आंदोलनकारियों ने जिस बेहतर और समृद्ध राज्य की कल्पना की थी, उसे पूरा करना वर्तमान सरकार की जिम्मेदारी है। आने वाली पीढ़ियों को एक मजबूत और विकसित झारखंड सौंपना सरकार का लक्ष्य है। मुख्यमंत्री रविवार को झारखंड विधानसभा के 26वें स्थापना दिवस समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि विधानसभा लोकतांत्रिक व्यवस्था का महत्वपूर्ण केंद्र है। यहां अलग-अलग जनप्रतिनिधि अपनी क्षमता और जिम्मेदारी के अनुसार भूमिका निभाते हैं। कोई मंत्री बनता है, कोई मुख्यमंत्री तो कोई विधानसभा अध्यक्ष और नेता प्रतिपक्ष की जिम्मेदारी संभालता है। इसके अलावा सदन की विभिन्न समितियों में भी विधायकों को महत्वपूर्ण दायित्व सौंपे जाते हैं। लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए सभी जनप्रतिनिधियों का मिलकर काम करना जरूरी है। किसी एक व्यक्ति के प्रयास से राज्य या देश की पूरी व्यवस्था संचालित नहीं हो सकती। सामूहिक भागीदारी से ही शासन व्यवस्था को बेहतर बनाया जा सकता है। विधानसभा में होने वाली चर्चा और फैसलों में जनता का हित सर्वोपरि होना चाहिए। जनता ने अपने प्रतिनिधियों को विश्वास के साथ सदन तक पहुंचाया है। इसलिए उनकी समस्याओं, जरूरतों और उम्मीदों को ध्यान में रखकर नीतियां बनाना आवश्यक है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जनप्रतिनिधियों के कामकाज का वास्तविक आकलन जनता चुनाव के समय करती है। प्रत्येक पांच वर्ष में होने वाले चुनाव में मतदाता अपने प्रतिनिधियों के प्रदर्शन का मूल्यांकन करते हैं। उन्होंने विधानसभा स्थापना दिवस पर उत्कृष्ट विधायकों को सम्मानित करने की परंपरा को महत्वपूर्ण बताया। उनके अनुसार वर्ष 2001 से अलग-अलग राजनीतिक दलों के विधायकों को उनके बेहतर कार्यों के लिए सम्मान दिया जाता रहा है। यह परंपरा जनप्रतिनिधियों को जनता के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने के लिए प्रेरित करती है। इससे लोकतांत्रिक व्यवस्था में विधायकों के योगदान को पहचान मिलती है। मुख्यमंत्री ने बताया कि हाल के दिनों में राज्य के सामने आई विभिन्न चुनौतियों और घटनाओं के कारण इस बार समारोह का आयोजन पहले की तरह बड़े स्तर पर नहीं हो सका। हालांकि सरकार अगले वर्ष स्थापना दिवस समारोह को और भव्य बनाने का प्रयास करेगी। उन्होंने कार्यक्रम में मौजूद सभी अतिथियों का स्वागत किया। जनप्रतिनिधियों और विधानसभा के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के प्रति भी उन्होंने आभार जताया। मुख्यमंत्री ने सभी को विधानसभा स्थापना दिवस की शुभकामनाएं दीं।



