झारखंड में अगले कुछ दिनों तक मौसम का मिजाज बदला हुआ रहने वाला है। मौसम विभाग ने 22 नवंबर को राज्य के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना जतायी है। इस दौरान कुछ स्थानों पर गरज के साथ बारिश हो सकती है। आसमान में बादल छाए रहने का भी अनुमान है। सुबह के समय कई इलाकों में कोहरा देखने को मिल सकता है। राजधानी रांची और आसपास के क्षेत्रों में भी 22 नवंबर को हल्की बारिश के आसार हैं। मौसम विभाग के अनुसार, 23 नवंबर को दक्षिणी झारखंड के कुछ हिस्सों में बारिश हो सकती है। पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा और सरायकेला-खरसावां में इसका असर देखने को मिल सकता है। वहीं, मध्य और उत्तर-पश्चिमी झारखंड में मौसम अपेक्षाकृत शुष्क रहने का अनुमान है। 24 नवंबर को सुबह के समय कोहरा छाने की संभावना है। इसके बाद आसमान मुख्य रूप से साफ रह सकता है। 25 नवंबर को भी मौसम का यही रुख बने रहने की उम्मीद है। 26 और 27 नवंबर को सुबह कुहासा देखने को मिल सकता है। हालांकि, दिन चढ़ने के साथ आसमान साफ रहने का अनुमान है। मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों के लिए तापमान को लेकर भी पूर्वानुमान जारी किया है।
अगले 24 घंटों में अधिकतम तापमान में विशेष बदलाव होने की संभावना नहीं है। इसके बाद अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है। न्यूनतम तापमान अगले दो दिनों तक लगभग स्थिर रहने का अनुमान है। इसके बाद रात के तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है। रांची में 22 नवंबर को बादल छाए रहने के साथ हल्की बारिश हो सकती है। सुबह के समय हल्के से मध्यम स्तर का कोहरा भी देखने को मिलेगा। 23 नवंबर को राजधानी में आंशिक बादल रहेंगे, लेकिन बारिश की संभावना कम है। 24 और 25 नवंबर को सुबह कुहासा छाने के बाद मौसम साफ रहने का अनुमान है। 26 और 27 नवंबर को भी सुबह कोहरे के बाद दिन में धूप निकल सकती है। मौसम विभाग ने पूर्वानुमान के लिए राज्य को तीन हिस्सों में बांटा है। मध्य झारखंड में रांची, बोकारो, गुमला, हजारीबाग, खूंटी, रामगढ़, लोहरदगा, कोडरमा और धनबाद शामिल हैं। दक्षिणी क्षेत्र में पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा और सरायकेला-खरसावां जिले आते हैं। उत्तर-पश्चिमी हिस्से में पलामू, गढ़वा, चतरा और लातेहार शामिल हैं। इन क्षेत्रों में अगले कुछ दिनों तक बादल, बारिश और कोहरे का अलग-अलग प्रभाव देखने को मिल सकता है।



