JharkhandStates

जामताड़ा में साइबर ठगी के चार आरोपी गिरफ्तार.

तीन अलग-अलग तरीकों से लोगों को बनाते थे ठगी का शिकार.

जामताड़ा पुलिस ने साइबर अपराध के खिलाफ कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में छापेमारी कर यह सफलता हासिल की। गिरफ्तार आरोपियों के पास से आठ मोबाइल फोन और 13 सिम कार्ड बरामद किए गए हैं। पुलिस के अनुसार, आरोपी अलग-अलग तरीके अपनाकर लोगों के बैंक खातों से रुपये निकालते थे। साइबर ठगी की सूचना मिलने के बाद पुलिस अधीक्षक शम्भू कुमार सिंह ने विशेष टीम गठित करने का निर्देश दिया। इसके बाद साइबर डीएसपी के नेतृत्व में छापेमारी अभियान चलाया गया। पुलिस ने करमाटांड़ थाना क्षेत्र के देवलबाड़ी गांव से समरेश मंडल (25) और प्रलाध कुमार मंडल (26) को पकड़ा। वहीं, नारायणपुर थाना क्षेत्र के बिस्टोपुर गांव से खगेन दाँ (22) को गिरफ्तार किया गया। चौथे आरोपी उत्तम नाग (37) को जामताड़ा थाना क्षेत्र के सोनबाद गांव से पकड़ा गया। पूछताछ में आरोपियों द्वारा साइबर ठगी के अलग-अलग तरीके अपनाने की जानकारी मिली। पुलिस के मुताबिक, समरेश मंडल और प्रलाध कुमार मंडल व्हाट्सऐप के जरिए लोगों को निशाना बनाते थे। दोनों आरटीओ ई-चालान के नाम पर लोगों को संदेश भेजते थे। संदेश में एक APK फाइल डाउनलोड करने और इंस्टॉल करने के लिए कहा जाता था। जैसे ही कोई व्यक्ति उस फाइल को इंस्टॉल करता था, आरोपियों को उसकी गोपनीय जानकारी मिल जाती थी। इसके बाद वे संबंधित व्यक्ति के बैंक खाते से रुपये निकाल लेते थे। वहीं, खगेन दाँ खुद को बैंक अधिकारी बताकर लोगों को फोन करता था। वह एटीएम नंबर, सीवीवी और ओटीपी जैसी जानकारियां हासिल करता था। इसके बाद ई-वॉलेट और फर्जी बैंक खातों के माध्यम से रकम दूसरे खातों में भेज देता था।

पुलिस के अनुसार, उत्तम नाग भी ठगी के लिए अलग तरीका अपनाता था। वह फोन-पे पर 2,999 रुपये का कैशबैक मिलने का झांसा देकर लोगों को संदेश भेजता था। कैशबैक का लाभ दिलाने के बहाने वह लोगों को अपने जाल में फंसाता था। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में कुछ के खिलाफ पहले से साइबर अपराध के मामले दर्ज हैं। समरेश मंडल के खिलाफ जामताड़ा साइबर अपराध थाना में कांड संख्या 35/22 दर्ज है। वहीं, खगेन दाँ के खिलाफ साइबर थाना में कांड संख्या 70/21 और 56/25 के तहत मामले दर्ज हैं। इस छापेमारी अभियान में साइबर अपराध थाना प्रभारी राजेश मंडल, पुलिस अवर निरीक्षक नितिन कुमार और सहायक अवर निरीक्षक हीरालाल महतो शामिल थे। इनके अलावा पुलिस बल के जवानों ने भी कार्रवाई में सहयोग किया। पुलिस ने आम लोगों से अनजान लिंक और APK फाइलों से सावधान रहने की अपील की है। किसी भी अनजान स्रोत से मिली फाइल को डाउनलोड या इंस्टॉल नहीं करना चाहिए। पुलिस ने एटीएम नंबर, सीवीवी और ओटीपी जैसी निजी जानकारी किसी के साथ साझा नहीं करने की सलाह दी है। साइबर अपराधियों से बचने के लिए लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button