JharkhandStates

फाइनेंस कंपनी के एजेंट से लूट में दो गिरफ्तार

पुलिस ने बाइक, नकदी, मोबाइल और टैबलेट किया बरामद

जमशेदपुर : भारत फाइनेंस कंपनी के एजेंट से हुई लूट के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। इस घटना में शामिल दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बहरागोड़ा थाना क्षेत्र के सियालबिंदा निवासी सेनापति बेरा (40) और सरायकेला-खरसावां जिले के कपाली ओपी क्षेत्र के वार्ड नंबर आठ निवासी नौशाद अंसारी (39) के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों के पास से लूट में इस्तेमाल की गयी बाइक बरामद की है। इसके अलावा नकदी, मोबाइल फोन और टैबलेट भी जब्त किये गये हैं। पुलिस के अनुसार, यह घटना 17 नवंबर को धालभूमगढ़ थाना क्षेत्र में हुई थी। गोगलो जाने वाले रास्ते पर भारत फाइनेंस कंपनी का एक एजेंट अपने काम से जा रहा था। इसी दौरान बाइक सवार दो अपराधियों ने उसे रोक लिया। आरोपियों ने एजेंट से 80 हजार रुपये लूट लिये। इसके साथ ही उसका मोबाइल फोन और टैबलेट भी छीन लिया गया। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों मौके से फरार हो गये। घटना के बाद पीड़ित ने धालभूमगढ़ थाने में शिकायत दर्ज करायी थी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी ने विशेष कार्रवाई का निर्देश दिया। ग्रामीण एसपी के नेतृत्व में छापेमारी के लिए एक विशेष टीम बनायी गयी।

जांच के दौरान पुलिस ने सबसे पहले लूट में इस्तेमाल की गयी बाइक का पता लगाया। इसके बाद बाइक के मालिक नौशाद अंसारी की पहचान हुई। पुलिस ने उसके मोबाइल नंबर की तकनीकी जांच करायी। जांच में घटना के समय उसकी लोकेशन वारदात स्थल के आसपास मिली। इससे पुलिस को उसकी संलिप्तता को लेकर महत्वपूर्ण सुराग मिला। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। उनके पास से घटना से जुड़े सामान भी बरामद किये गये हैं। पुलिस अब दोनों से पूछताछ कर लूट की पूरी घटना की जानकारी जुटा रही है। साथ ही यह भी पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि वारदात में किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका थी या नहीं।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button