झारखंड हाईकोर्ट ने राज्य सरकार को झारखंड राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड में स्थायी मेंबर सेक्रेटरी नियुक्त करने का निर्देश दिया है। अदालत ने इसके लिए सरकार को छह सप्ताह का समय दिया है। साथ ही अगले वर्ष 12 जनवरी तक आदेश के अनुपालन से संबंधित रिपोर्ट दाखिल करने को कहा है। हाईकोर्ट ने स्पष्ट किया कि निर्धारित समय में आदेश का पालन नहीं होने पर वन विभाग के सचिव को अदालत में व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होना होगा। इसके लिए 21 जनवरी की तारीख तय की गई है। सोमवार को इस मामले में जनहित याचिका पर सुनवाई हुई। याचिका में प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड में स्थायी मेंबर सेक्रेटरी की नियुक्ति की मांग की गई है। मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति एमएस सोनक की अध्यक्षता वाली खंडपीठ ने सुनवाई के दौरान सरकार की कार्यशैली पर नाराजगी जताई। अदालत ने कहा कि पिछले छह वर्षों से बोर्ड में स्थायी मेंबर सेक्रेटरी की नियुक्ति नहीं होना गंभीर स्थिति है। झारखंड राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड राज्य में प्रदूषण रोकने और पर्यावरण संरक्षण के लिए महत्वपूर्ण संस्था है। ऐसे में इसका नेतृत्व स्थायी अधिकारी के हाथों में होना जरूरी है। अदालत ने माना कि इस पद पर नियमित नियुक्ति नहीं होने से संस्थागत व्यवस्था प्रभावित हो सकती है। याचिकाकर्ता की ओर से बताया गया कि नियमों के अनुसार मेंबर सेक्रेटरी का पद स्थायी रूप से भरा जाना चाहिए। इसके बावजूद सरकार अब तक नियमित नियुक्ति नहीं कर सकी है।
याचिकाकर्ता ने अदालत को बताया कि वर्ष 2021 से इस पद का काम अस्थायी व्यवस्था के तहत कराया जा रहा है। किसी अधिकारी को प्रभारी मेंबर सेक्रेटरी बनाकर जिम्मेदारी दी गई है। इस व्यवस्था के कारण पद पर नियमित नियुक्ति की जरूरत लंबे समय से बनी हुई है। प्रार्थी ने मांग की कि बोर्ड में नियमों के अनुरूप स्थायी मेंबर सेक्रेटरी की नियुक्ति की जाए। हाईकोर्ट ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए सरकार को छह सप्ताह के भीतर नियुक्ति प्रक्रिया पूरी करने का निर्देश दिया। अदालत ने 12 जनवरी तक अनुपालन रिपोर्ट पेश करने को कहा है। आदेश का पालन नहीं होने पर 21 जनवरी को वन विभाग के सचिव की व्यक्तिगत उपस्थिति सुनिश्चित करनी होगी।



