JharkhandStates

झारखंड में फिर बढ़ेगी ठंड, तापमान में 5 डिग्री तक गिरावट.

बारिश के बाद साफ होगा आसमान, सुबह कोहरे का रहेगा असर.

झारखंड में मौसम एक बार फिर करवट लेने वाला है। सोमवार को राज्य के कई जिलों में बादल छाए रहने के साथ हल्की बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, 23 नवंबर को कोल्हान प्रमंडल और आसपास के दक्षिणी जिलों में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इस दौरान गरज के साथ बादल भी छाने की आशंका है। राजधानी रांची समेत राज्य के अन्य हिस्सों में भी आसमान में बादलों की आवाजाही बनी रह सकती है। सोमवार सुबह दक्षिणी, उत्तर-पश्चिमी और मध्य झारखंड के आसपास के क्षेत्रों में घना कोहरा छाने का अनुमान है। हालांकि, 24 नवंबर से मौसम में धीरे-धीरे बदलाव देखने को मिलेगा। आसमान साफ होने के बाद रात के तापमान में गिरावट शुरू हो सकती है। अगले 24 घंटों के बाद न्यूनतम तापमान तीन से पांच डिग्री सेल्सियस तक नीचे जाने का अनुमान है। इससे सुबह और रात के समय ठंड का प्रभाव बढ़ जाएगा। मौसम केंद्र के अनुसार, 24 से 28 नवंबर तक राज्य के विभिन्न हिस्सों में सुबह हल्के से मध्यम दर्जे का कोहरा छा सकता है। दिन चढ़ने के साथ कोहरा छंटने और मौसम साफ होने की संभावना है। बादलों की आवाजाही कम होने से रातें पहले की तुलना में अधिक ठंडी हो सकती हैं। ऐसे में लोगों को सुबह और देर रात ठंड का विशेष एहसास होगा।

पिछले 24 घंटों के दौरान झारखंड के लगभग सभी जिलों में बारिश दर्ज की गई है। कहीं हल्की तो कहीं मध्यम दर्जे की वर्षा हुई। इस दौरान कोडरमा जिले में सबसे अधिक 54 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। राजधानी रांची में शाम 5:30 बजे तक 4.1 मिलीमीटर वर्षा दर्ज हुई। लातेहार में दो मिलीमीटर और खूंटी में लगभग एक मिलीमीटर बारिश हुई। मौसम विभाग का अनुमान है कि बारिश का सिलसिला थमने के बाद तापमान में गिरावट आएगी। इसके साथ ही राज्य में ठंड का असर धीरे-धीरे बढ़ने लगेगा।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button