Ranchi News: झारखंड में सर्दी का असर अब धीरे-धीरे तेज होने लगा है। सुबह और रात के तापमान में गिरावट के कारण लोगों को ठंड महसूस होने लगी है। गुरुवार को गुमला राज्य का सबसे ठंडा जिला दर्ज किया गया। यहां न्यूनतम तापमान 10.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। लातेहार में पारा गिरकर 11.1 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। राजधानी रांची में न्यूनतम तापमान 15.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में ठंड और बढ़ने की संभावना जताई है। विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, अगले 24 घंटे के दौरान न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है। इससे सुबह और रात के समय ठंड का एहसास अधिक होगा। मौसम विभाग ने 12 से 16 नवंबर तक सुबह हल्के से मध्यम स्तर का कुहासा रहने की संभावना जताई है। इस दौरान कई इलाकों में सुबह के समय दृश्यता प्रभावित हो सकती है। हालांकि, कुहासे का प्रभाव मुख्य रूप से सुबह तक रहने का अनुमान है। इसके बाद आसमान साफ रहने की संभावना है। राजधानी रांची में 12 से 15 नवंबर तक अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। इस अवधि में न्यूनतम तापमान करीब 15 डिग्री सेल्सियस बना रह सकता है। वहीं, 16 नवंबर को रांची के तापमान में मामूली बढ़ोतरी होने की संभावना है। इस दिन अधिकतम तापमान 28 और न्यूनतम 16 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।
गुमला में अगले पांच दिनों तक न्यूनतम तापमान लगभग 12 डिग्री सेल्सियस रहने का पूर्वानुमान है। दूसरी ओर, लातेहार में रात का तापमान करीब 10 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना जताई गई है। ऐसे में इन दोनों जिलों में ठंड का असर अपेक्षाकृत अधिक महसूस हो सकता है। मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक, राज्य में फिलहाल मौसम शुष्क और आसमान मुख्य रूप से साफ रहेगा। सुबह के समय कुहासा और रात में गिरते तापमान के कारण सर्दी का प्रभाव बढ़ सकता है। लोगों को सुबह और देर शाम बाहर निकलते समय सावधानी बरतने की जरूरत है। खासकर बुजुर्गों और बच्चों को ठंड से बचाव करना चाहिए।



