JharkhandStates

रांची में साइबर ठगी से चार लोग बने शिकार.

मोबाइल हैकिंग और संदिग्ध लिंक से 14.87 लाख रुपये की निकासी.

राजधानी रांची में साइबर अपराधियों ने ठगी के चार अलग-अलग मामलों को अंजाम देकर लोगों के बैंक खातों से कुल 14 लाख 87 हजार 266 रुपये निकाल लिए। अपराधियों ने कहीं मोबाइल हैकिंग तो कहीं संदिग्ध लिंक का सहारा लेकर बैंक खातों तक पहुंच बनाई। ठगी के शिकार लोगों में एक बुजुर्ग, एक युवती और दो अन्य व्यक्ति शामिल हैं। सभी पीड़ितों ने संबंधित मामलों में साइबर अपराध की शिकायत दर्ज कराई है। अरगोड़ा थाना क्षेत्र के पंचम नगर निवासी सुबोध कुमार के बैंक ऑफ इंडिया की हरमू शाखा स्थित खाते से चार बार में 99 हजार रुपये की निकासी की गई। जानकारी के अनुसार, उनका मोबाइल करीब दो घंटे तक बंद रहा था। मोबाइल दोबारा चालू करने पर उन्हें बैंक खाते से पैसे निकलने की जानकारी मिली। जांच में सामने आया कि उनके खाते से 50 हजार, 30 हजार, 15 हजार और चार हजार रुपये के चार ट्रांजेक्शन किए गए थे। सुबोध कुमार ने बताया कि ठगी के दौरान उनके पास किसी अज्ञात व्यक्ति का फोन नहीं आया था। उन्होंने सभी चार लेनदेन के संदर्भ नंबर पुलिस को उपलब्ध करा दिए हैं। नामकुम थाना क्षेत्र के अमेठिया नगर निवासी 68 वर्षीय जय किशोर शर्मा के खाते से भी बड़ी रकम निकाल ली गई। उनका उत्कर्ष स्मॉल फाइनेंस बैंक में खाता है। छह नवंबर की रात अपराधियों ने दो अलग-अलग ट्रांजेक्शन के जरिए 7 लाख 45 हजार रुपये की निकासी की। पहली बार 2 लाख 50 हजार और दूसरी बार 4 लाख 95 हजार रुपये निकाले गए। दोनों निकासी के संदेश रात 10 बजकर 16 मिनट और 10 बजकर 18 मिनट पर उनके मोबाइल पर पहुंचे।

संदेश मिलने के बाद जय किशोर शर्मा ने तुरंत बैंक से संपर्क किया और खाता फ्रीज कराने की प्रक्रिया शुरू की। इसके साथ ही उन्होंने साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर अपनी शिकायत दर्ज कराई। दूसरी ओर, सिकिदिरी थाना क्षेत्र के जयडीहा कुसुमटोली निवासी 21 वर्षीय निरासो कुमारी भी ऑनलाइन ठगी का शिकार हो गईं। उनके दो अलग-अलग बैंक खातों से कुल 2 लाख 48 हजार 500 रुपये निकाल लिए गए। बताया गया कि छह अक्टूबर को उनके मोबाइल पर एक अनजान लिंक आया था। उन्होंने उस लिंक पर क्लिक कर दिया था, जिसके अगले दिन उनका मोबाइल बंद हो गया। बाद में 28 अक्टूबर को बैंक खाते की जांच कराने पर उन्हें धोखाधड़ी की जानकारी मिली। जांच में पता चला कि एक खाते से 77 हजार रुपये और दूसरे खाते से 1 लाख 71 हजार 500 रुपये निकाले गए हैं। इसके बाद पीड़िता ने साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई। वहीं, कोकर के डेला टोली जेवियर नगर निवासी विजय तिर्की के केनरा बैंक खाते से 4 लाख 14 हजार 766 रुपये की अवैध निकासी की गई। उनके खाते से नौ नवंबर को दो बार में पैसे निकाले गए। पहली निकासी में 2 लाख 67 हजार 766 रुपये और दूसरी निकासी में 1 लाख 47 हजार रुपये निकाल लिए गए। घटना का पता चलने पर विजय तिर्की ने बिना देरी किए साइबर हेल्पलाइन 1930 पर संपर्क किया। उन्होंने साइबर क्राइम पोर्टल पर भी शिकायत दर्ज कराई और उसका एक्नॉलेजमेंट नंबर पुलिस को सौंप दिया। साइबर अपराध से बचने के लिए लोगों को मोबाइल पर आने वाले अनजान लिंक खोलने से बचना चाहिए। किसी भी व्यक्ति के साथ बैंक खाते का ओटीपी, एटीएम पिन, सीवीवी या यूपीआई पिन साझा नहीं करना चाहिए। अनजान स्रोत से एप डाउनलोड करने और किसी के कहने पर स्क्रीन शेयरिंग एप इंस्टॉल करने से भी परहेज करना जरूरी है। मोबाइल नेटवर्क अचानक बंद होने या सिम काम नहीं करने पर तुरंत मोबाइल ऑपरेटर और बैंक से संपर्क करना चाहिए। खाते से संदिग्ध लेनदेन होने पर तत्काल बैंक को सूचना देकर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज करानी चाहिए।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button