JharkhandStates

ISC 12वीं बोर्ड परीक्षा 2027 का कार्यक्रम जारी.

9 फरवरी से शुरू होंगी परीक्षाएं, सीसीटीवी की निगरानी में होंगे एग्जाम.

काउंसिल फॉर द इंडियन स्कूल सर्टिफिकेट एग्जामिनेशंस (CISCE) ने ISC कक्षा 12वीं बोर्ड परीक्षा 2027 का टाइम-टेबल जारी कर दिया है। जारी कार्यक्रम के मुताबिक, परीक्षाएं 9 फरवरी से शुरू होकर 8 अप्रैल तक चलेंगी। बोर्ड ने परीक्षा कार्यक्रम के साथ विद्यार्थियों के लिए जरूरी दिशा-निर्देश भी जारी किए हैं। इस बार सभी परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की व्यवस्था रहेगी। परीक्षा में अनुशासन बनाए रखने के लिए कई इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों पर प्रतिबंध लगाया गया है। इनमें मोबाइल फोन, स्मार्टवॉच, स्मार्ट रिंग, फिटनेस बैंड और वायरलेस ईयरबड्स शामिल हैं। AI स्मार्ट चश्मे, ब्लूटूथ डिवाइस और इंटरनेट से जुड़ने वाले उपकरण भी परीक्षा केंद्र में नहीं ले जा सकेंगे। अधिकांश विषयों की परीक्षाएं दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक आयोजित होंगी। आर्ट्स के कुछ विषयों की परीक्षा सुबह 9 बजे से शुरू होगी। विद्यार्थियों को प्रश्न-पत्र पढ़ने के लिए 15 मिनट का अतिरिक्त समय दिया जाएगा। दोपहर 2 बजे की परीक्षा के लिए प्रश्न-पत्र 1:45 बजे और सुबह 9 बजे की परीक्षा के लिए 8:45 बजे मिलेगा। परीक्षार्थियों को परीक्षा शुरू होने से 30 मिनट पहले अपने निर्धारित कक्ष में बैठना होगा। परीक्षा केंद्रों पर केंद्र प्रमुखों को प्रतिबंधित सामान की जांच के लिए तलाशी लेने का अधिकार दिया गया है। नियमित विद्यार्थियों को स्कूल यूनिफॉर्म में परीक्षा देनी होगी। वहीं, गैर-नियमित परीक्षार्थियों को हल्के रंग के शालीन कपड़े पहनने की अनुमति होगी।

परीक्षा केंद्र में प्रवेश के लिए एडमिट कार्ड और जरूरी स्टेशनरी ले जाने की अनुमति रहेगी। विद्यार्थी नीले या काले पेन, पेंसिल, स्केल, इरेजर और शार्पनर अपने साथ रख सकेंगे। कैलकुलेटर के रूप में Casio fx-82 MS या इसी तरह की बुनियादी सुविधाओं वाले मॉडल का इस्तेमाल किया जा सकेगा। स्कैनर पेन, ट्रांसलेशन पेन और रिकॉर्डिंग पेन ले जाने पर रोक रहेगी। किताबें, नोट्स और कागज की पर्चियां भी परीक्षा केंद्र में प्रतिबंधित रहेंगी। उत्तर-पुस्तिका में उत्तर केवल नीले या काले पेन से लिखने होंगे। पेंसिल का उपयोग सिर्फ डायग्राम बनाने के लिए किया जा सकेगा। कॉपी के पहले पेज पर यूनिक आईडी, इंडेक्स नंबर और विषय का नाम स्पष्ट रूप से लिखना अनिवार्य होगा। नकल या अनुचित साधनों का इस्तेमाल करने पर परीक्षार्थियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। किसी दूसरे विद्यार्थी की जगह परीक्षा देते पकड़े जाने पर भी कार्रवाई होगी। फर्जी पहचान पत्र के साथ पकड़े गए परीक्षार्थी को परीक्षा से निष्कासित कर पुलिस के हवाले किया जा सकता है। बोर्ड का परिणाम अप्रैल या मई 2027 में जारी होने की संभावना है। विद्यार्थी आधिकारिक वेबसाइट cisce.org पर अपना परिणाम देख सकेंगे। परिणाम से असंतुष्ट छात्र निर्धारित समय में रीचेक और पुनर्मूल्यांकन के लिए ऑनलाइन आवेदन कर पाएंगे। रीचेक के लिए परिणाम जारी होने के चार दिनों के भीतर आवेदन करना होगा। पुनर्मूल्यांकन के लिए आवेदन की समय-सीमा तीन दिन होगी। परिणाम घोषित होने के 60 दिनों बाद उत्तर-पुस्तिकाएं नष्ट कर दी जाएंगी। अंक सुधारने के इच्छुक विद्यार्थी अधिकतम तीन विषयों में इम्प्रूवमेंट परीक्षा दे सकेंगे। इस परीक्षा में केवल थ्योरी के पेपर होंगे और प्रैक्टिकल तथा प्रोजेक्ट के पुराने अंक ही अंतिम परिणाम में जोड़े जाएंगे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button