रांची के तमाड़ थाना क्षेत्र के रंगामाटी में दिवाली के दिन हुई युवक की हत्या के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने इस मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वहीं, वारदात में शामिल दो अन्य आरोपी अब भी फरार हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की ओर से लगातार छापेमारी की जा रही है। मृतक की पहचान गोमियाकोचा गांव निवासी कांग्रेस महतो के रूप में हुई है। घटना के बाद उनकी पत्नी पूजा कुमारी ने आरोपियों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई थी। पुलिस के अनुसार, दिवाली के दिन ग्रामीणों ने रंगामाटी स्थित शराब दुकान के पास मारपीट होने की सूचना दी थी। बताया गया था कि कुछ युवकों के बीच विवाद के दौरान एक युवक को चाकू मार दिया गया है। सूचना मिलने के बाद तमाड़ थाना की पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने ग्रामीणों की सहायता से घायल कांग्रेस महतो को अस्पताल पहुंचाने का प्रयास किया। हालांकि, अस्पताल ले जाने के दौरान रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। इसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। जांच और पूछताछ के दौरान घटना के पीछे हॉर्न बजाने को लेकर हुआ विवाद सामने आया। आरोपियों ने पुलिस को बताया कि मृतक अपने तीन साथियों के साथ सड़क पर बैठकर शराब पी रहा था। इसी दौरान सभी आरोपी एक कार से वहां से गुजर रहे थे। कार का हॉर्न बजाने के बावजूद सड़क पर बैठे युवक रास्ते से नहीं हटे। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ा और दोनों पक्षों के बीच मारपीट होने लगी। इसी दौरान कांग्रेस महतो पर चाकू से हमला किया गया, जिसमें उनकी जान चली गई।
पुलिस ने इस मामले में बिट्टु गुप्ता, टिंकु दास, गरुपदो मुंडा और निखिल भुमिज को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की सूची में राहुल मछुआ और मानिक मछुआ के नाम भी शामिल हैं। इनमें से दो आरोपी अभी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं। पुलिस उनकी तलाश में संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। पूछताछ के दौरान गिरफ्तार आरोपियों ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। हालांकि, हत्या में इस्तेमाल किया गया चाकू अब तक बरामद नहीं हो सका है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों का पहले से कोई आपराधिक रिकॉर्ड सामने नहीं आया है। कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद चारों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। वहीं, फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कार्रवाई जारी है।


