JharkhandStates

झारखंड में हाथियों के पुराने रास्ते हुए बंद.

नए गलियारों से आवाजाही कर रहे हैं गजराज.

झारखंड के जंगलों में हाथियों की आवाजाही के पारंपरिक रास्तों में बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है। कई दशकों से इस्तेमाल किए जा रहे हाथी कॉरिडोर अब धीरे-धीरे बंद होते जा रहे हैं। रांची के सिल्ली-अनगड़ा कॉरिडोर में हाथियों का आवागमन पूरी तरह रुक गया है। वहीं, दलमा वन्यजीव अभयारण्य और चांडिल के बीच सीधा संपर्क भी पिछले दस वर्षों से समाप्त है। पुराने रास्तों के सीमित होने के कारण हाथियों के झुंड अब नए मार्गों का इस्तेमाल कर रहे हैं। रारू नदी से रामगढ़ के गोला तक हाथियों की नई आवाजाही दर्ज की गई है। इसी तरह चांडिल से पश्चिम बंगाल के मधुपुर तक भी उनका नया मार्ग सामने आया है। यह जानकारी झारखंड वन विभाग, टाटा मोटर्स और जैव विविधता संरक्षण संस्था अरण्यक के संयुक्त वैज्ञानिक सर्वे में सामने आई है। सर्वेक्षण के निष्कर्षों के आधार पर वन विभाग ने प्रभावित गलियारों को दोबारा विकसित करने की योजना बनाई है। इसके तहत सिल्ली-अनगड़ा और चांडिल-माथा कॉरिडोर पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। सर्वे रिपोर्ट के मुताबिक, अनगड़ा से सिल्ली की तरफ हाथियों की आवाजाही अब पूरी तरह बंद हो चुकी है। इस रास्ते का अंतिम इस्तेमाल वर्ष 2022 में हुआ था। उस दौरान 21 हाथियों का एक झुंड इस कॉरिडोर से गुजरा था। इसके बाद हाथियों की आवाजाही इस मार्ग पर दर्ज नहीं की गई। जोन्हा और सीता फॉल के आसपास के जंगलों से भी हाथियों ने अपना पुराना संपर्क छोड़ दिया है।

अब हाथियों ने रारू नदी के रास्ते एक नया मार्ग अपनाया है। इसे महिलोंग-कालीमाटी कॉरिडोर के नाम से भी जाना जाता है। इस रास्ते से हाथी तमाड़, धरमपुर, इतिहासा, अजयगढ़, बुढ़ाबेड़ा और सुरसू होते हुए रामगढ़ वन प्रमंडल के गोला तक पहुंच रहे हैं। दूसरी ओर, चांडिल-माथा कॉरिडोर में सितंबर से मार्च के बीच हाथियों की सक्रियता बनी रहती है। हालांकि, सिरका और अतासीमल के रास्ते दलमा अभयारण्य से इसका सीधा जुड़ाव करीब दस साल पहले टूट चुका है। वर्तमान में 18 से 20 हाथियों का झुंड चतरमा या बुरुडीह के रास्ते इस क्षेत्र में प्रवेश करता है। इसके बाद हाथियों की आवाजाही दक्षिणी और पश्चिमी दोनों दिशाओं में होती है। दक्षिणी मार्ग पनरा, चतरमा, कदला, हेबेन और गुंडा होते हुए रसुनिया तक जाता है। पश्चिमी दिशा में हाथी पनरा, चतरमा, बागरी और करका के रास्ते पश्चिम बंगाल के मधुपुर तक पहुंचते हैं। केंद्रीय पर्यावरण एवं वन मंत्रालय के प्रोजेक्ट एलीफेंट के तहत अध्ययन क्षेत्र में कुल 24 हाथी कॉरिडोर चिह्नित किए गए हैं। इन गलियारों को खतरे के स्तर के आधार पर उच्च, मध्यम और निम्न श्रेणियों में बांटा गया है। इसका उद्देश्य हाथियों की सुरक्षित आवाजाही और जंगलों की पारिस्थितिक व्यवस्था को बनाए रखना है। चिह्नित गलियारों में भरनो-बेड़ो-कर्रा, सिल्ली-अनगड़ा, महिलोंग-कालीमाटी, झालदा-बाघमुंडी, चांडिल-माथा, दलमा-चांडिल, डुमरिया-नयाग्राम और कारो-करमपदा प्रमुख हैं। अब इन रास्तों को सुरक्षित करने और टूटे हुए संपर्कों को फिर से जोड़ने की रणनीति पर काम किया जाएगा।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button