‘स्कैम 2003: द तेलगी स्टोरी’ के गगन देव रियार की दो टूक- प्रतीक गांधी से तुलना का दबाव नहीं था
‘सोन चिड़िया’ और ‘अ सूटेबल बॉय’ जैसे प्रॉजेक्ट में दिखे एक्टर गगन देव रियार इन दिनों चर्चा में हैं, सीरीज ‘स्कैम: द तेलगी स्टोरी’ को लेकर। इस सीरीज में स्टैंप पेपर घोटाले के मास्टर माइंड अब्दुल करीम तेलगी का किरदार निभाकर तारीफें बटोर रहें गगन से हमने की एक खास बातचीत, आइये जानते हैं कि उन्होंने क्या राज खोले हैं।
डायरेक्टर हंसल मेहता की साल 2020 में आई सीरीज ‘स्कैम 1992’ ने ओटीटी जगत में धमाल मचा दिया था। सीरीज को जमकर तारीफें मिली थीं और उतनी ही वाहवाही बटोरी थी, सीरीज में हर्षद मेहता का किरदार निभाने वाले एक्टर प्रतीक गांधी को। अब हंसल स्कैम की अगली कड़ी ‘द तेलगी स्टोरी’ लेकर आए हैं, जिसमें एक्टर गगन देव रियार अब्दुल करीम तेलगी की मुख्य भूमिका में हैं। ऐसे में, दोनों की तुलना होना लाजमी है। हालांकि, गगन को भी अपनी बेहतरीन एक्टिंग के लिए तारीफें भी मिल रही हैं, लेकिन गगन के मुताबिक, उन्होंने कभी भी ‘स्कैम 1992’ के हीरो प्रतीक गांधी से तुलना का दबाव महसूस नहीं किया।
Gagan Dev Riar कहते हैं, ‘बतौर एक्टर मैंने कभी इस चीज का दबाव नहीं लिया है कि कोई दूसरा एक्टर किस तरह का काम करता है, उल्टा उससे सीखने की कोशिश की है। प्रतीक गांधी बहुत ही बढ़िया एक्टर हैं। उन्होंने हर्षद मेहता का रोल बहुत ही बढ़िया किया था, लेकिन मैं अब्दुल करीम तेलगी के रोल में हूं। दोनों रोल अलग हैं, दोनों कहानियां अलग हैं, तो मैंने उसका कोई प्रेशर नहीं लिया। मैंने सिर्फ अपने काम पर फोकस किया।’
थिएटर मेरा पहला प्यार
![]()
गगन देव रियार
थिएटर में करीब डेढ़ दशक से सक्रिय गगन पर्दे पर ‘सोन चिड़िया’ और ‘अ सूटेबल बॉय’ जैसे इक्के-दुक्के प्रोजेक्ट में ही आए हैं। पर्दे पर कम काम करने के बाबत उन्होंने बताया, ‘मैं थिएटर बहुत करता हूं। मेरा पहला प्यार हमेशा थिएटर रहा है। ऐसे में, थिएटर और स्क्रीन में बैलेंस बनाना बहुत मुश्किल होता है। एक बार आपने थिएटर के लिए बुकिंग कर दी है, शो अनाउंस कर दिया है, तब कोई शूटिंग के लिए कहता है, तो मैनेज करना संभव नहीं होता। मैंने हमेशा थिएटर को तरजीह दी, इसलिए कई प्रोजेक्ट मेरे हाथ से निकले। स्कैम को भी मैनेज करना भी मेरे लिए बहुत चैलेंजिंग था। फिर, मैं सिलेक्टिव काम ही करता हूं। मैं एक समय में एक ही काम करता हूं।’



