हरियाणा में TGT परीक्षा का पेपर लीक, गैंग होटल में बैठकर सॉल्व कर रहा था पेपर, 5 गिरफ्तार

हरियाणा के पानीपत जिले के समालखा में टीजीटी का पेपर लिक होने का मामला सामने आया है. पुलिस ने समालखा के एक होटल से शिक्षक पात्रता परीक्षा की ऑनलाइन परीक्षा पेपर सॉल्व करते हुए 5 लोगों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने बुधवार देर शाम कोर्ट में आरोपियों को पेश कर 3 दिन के रिमांड पर लिया है. रिमांड के दौरान आरोपियों से गिरोह के अन्य सदस्यों के बारे में पूछताछ की जाएगी. पुलिस ने समालखा होटल के कमरे से 17 लैपटॉप 2 माउस 10 लैपटॉप चार्जर और एक बिजली का एक्सटेंशन बोर्ड बरामद किया है.
टीजीटी परीक्षा केंद्रीय विद्यालय में चल रही थी
केंद्रीय विद्यालय समालखा में शिक्षक पात्रता की ऑनलाइन परीक्षा 2 सत्रों में आयोजित करवाई जा रही थी. शाम का सत्र दोपहर 3 बजे से लेकर 6 बजे का था. इस दौरान पुलिस को सूचना मिली कि समालखा के होटल टेन स्पून के कमरा नंबर-102 में टीजीटी परीक्षा का पेपर सॉल्व किया जा रहा है. जानकारी के बाद एसएचओ सुनील कुमार ने एक टीम का गठन किया और होटल टेन स्पून के कमरा नंबर-102 में पहुंच गए. कमरे में 5 लोग बैठे हुए थे, पूछताछ करने पर पहले तो उन्होंने कोई जानकारी नहीं दी लेकिन सख्ती से पूछताछ करने पर आरोपियों ने पेपर सॉल्व करने की बात कबूली.



