JharkhandStates

Gumla News: जिले में लगेंगे विशेष आयुष स्वास्थ्य शिविर.

2 से 7 नवंबर तक मुफ्त जांच, परामर्श और दवाओं की सुविधा.

गुमला जिले के ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने के लिए विशेष आयुष स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जाएंगे। जिला आयुष चिकित्सा पदाधिकारी कार्यालय की ओर से इन शिविरों का आयोजन 2 से 7 नवंबर तक किया जाएगा। शिविर विभिन्न प्रखंडों, सरकारी विद्यालयों और चयनित ग्रामीण इलाकों में लगाए जाएंगे। यहां लोगों को निःशुल्क स्वास्थ्य जांच, चिकित्सकीय परामर्श और दवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। सभी शिविरों का समय सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक निर्धारित किया गया है। अभियान के पहले दिन यानी 2 नवंबर को हड्डियों और मांसपेशियों से जुड़ी बीमारियों की जांच की जाएगी। इस दिन ऑस्टियो आर्थराइटिस से पीड़ित लोगों को भी चिकित्सा सुविधा मिलेगी। बसिया, घाघरा, सिसई, चैनपुर, बिशुनपुर, डुमरी, रायडीह और गुमला के आयुष औषधालयों में शिविर लगाए जाएंगे। पालकोट, जारी और भरनो प्रखंड परिसर में भी स्वास्थ्य जांच की व्यवस्था रहेगी। कामडारा में बैंक के समीप भी शिविर आयोजित किया जाएगा। तीन नवंबर को वरिष्ठ नागरिकों के लिए विशेष जेरियाट्रिक स्वास्थ्य शिविर लगाए जाएंगे। इनमें बुजुर्गों की स्वास्थ्य जांच के साथ चिकित्सकीय सलाह दी जाएगी। जरूरत के अनुसार उन्हें आयुष चिकित्सा सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी। चार नवंबर को सरकारी विद्यालयों में विद्यार्थियों के लिए स्वास्थ्य और योग कार्यक्रम होंगे। सिसई, बिशुनपुर, बसिया, गुमला, घाघरा, रायडीह, डुमरी और चैनपुर के चयनित स्कूलों में ये कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

विद्यालयों में बच्चों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के तरीके बताए जाएंगे। उन्हें आयुर्वेद और योग के महत्व की जानकारी भी दी जाएगी। पांच नवंबर को विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूह यानी पीवीटीजी के लिए स्वास्थ्य शिविर आयोजित होंगे। इन शिविरों का उद्देश्य बिरहोर और असुर समुदाय के लोगों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना है। घाघरा प्रखंड के मथनीडीपा में शिविर लगाया जाएगा। बिशुनपुर के जेहनगुटवा और बिरहोर कॉलोनी में भी स्वास्थ्य जांच होगी। चैनपुर के दिना और डुमरी की असुर टोली में भी शिविर आयोजित किए जाएंगे। छह नवंबर को बसिया, गुमला और चैनपुर प्रखंड में कारुण्या स्वास्थ्य शिविर लगाए जाएंगे। इसके अगले दिन यानी 7 नवंबर को ग्रामीण क्षेत्रों में आयुष ग्राम स्वास्थ्य शिविर आयोजित होंगे। घाघरा प्रखंड के बड़काडीह, देवाकी और नवडीहा में लोगों को स्वास्थ्य सेवाएं मिलेंगी। सिसई प्रखंड के नगर, जमगई और रेड़वा गांव में भी शिविर लगाए जाएंगे। रायडीह के पतराटोली, खीराखाड़ और भलमंडा में स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध रहेंगी। गुमला प्रखंड के टोटो, आंजन और करौंदी गांव भी इस अभियान में शामिल हैं। जिला प्रशासन और जिला आयुष चिकित्सा पदाधिकारी कार्यालय ने लोगों से शिविरों का लाभ लेने की अपील की है। बुजुर्गों, महिलाओं, स्कूली बच्चों और ग्रामीण परिवारों से निर्धारित तिथि पर नजदीकी शिविर में पहुंचने का आग्रह किया गया है। शिविरों की जानकारी गांव-गांव तक पहुंचाने के लिए सहिया दीदियों के माध्यम से प्रचार किया जा रहा है। प्रशासन का उद्देश्य है कि जरूरतमंद लोगों तक इन निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी पहुंचे और वे इसका लाभ उठा सकें।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button