Uncategorized

पश्चिमी विक्षोभ का असर: रांची समेत इन जिलों में वर्षा, झारखंड में आयेगी ठंड, कैसा है आपके शहर का मौसम

राजधानी रांची में 14 अक्टूबर तक आसमान में बादल छाये रहेंगे. इस दौरान हर दिन एक-दो बार हल्के से मध्यम दर्जे की वर्षा होगी. अधिकतम तापमान जो 11 अक्टूबर 2022 को 31 डिग्री सेल्सियस है, 12 अक्टूबर से घटकर 29 डिग्री सेल्सियस रह जाने का अनुमान है.

शरद पूर्णिमा के बाद झारखंड में मौसम बदलने लगा है. राजस्थान के आसपास बने वेस्टर्न डिस्टर्बेंस का असर झारखंड में भी दिखने लगा है. राजधानी रांची समेत कई जिलों में मंगलवार को बारिश हुई. अधिकतम और न्यूनतम तापमान में जल्द ही गिरावट आयेगी, जिससे धीरे-धीरे ठंड का एहसास होने लगेगा. रांची स्थित मौसम विज्ञान केंद्र के मौसम वैज्ञानिक अभिषेक कुमार ने बताया कि बुधवार (12 अक्टूबर) को भी राज्य में कुछ जगहों पर हल्के से मध्यम दर्जे की वर्षा होगी.

14 अक्टूबर तक रांची में छाये रहेंगे बादल

उन्होंने बताया कि राजधानी रांची में 14 अक्टूबर तक आसमान में बादल छाये रहेंगे. इस दौरान हर दिन एक-दो बार हल्के से मध्यम दर्जे की वर्षा होगी. अधिकतम तापमान जो 11 अक्टूबर 2022 को 31 डिग्री सेल्सियस है, 12 अक्टूबर से घटकर 29 डिग्री सेल्सियस रह जाने का अनुमान है. इसी तरह न्यूनतम तापमान में भी 1 डिग्री की गिरावट दर्ज की जायेगी. अभी रांची का न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेंटीग्रेड है, जो 21 डिग्री रह जायेगा.

2 से 3 डिग्री तक गिरेगा तापमान

मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से बताया गया है कि 11 अक्टूबर को राज्य में कई स्थानों पर हल्के से मध्यम दर्जे की वर्षा होने की प्रबल संभावना है. यह भी कहा गया है कि राज्य में अगले तीन दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेंटीग्रेड की कमी दर्ज की जायेगी. इसके बाद दो दिनों तक मौसम में किसी प्रकार के बदलाव की कोई संभावना नहीं है. 12, 13, 14 और 15 अक्टूबर को कई जगहों पर हल्के से मध्यम दर्जे की वर्षा होने की संभावना है.

कोडरमा के मरकच्चो में 68 मिलीमीटर वर्षा

पिछले 24 घंटे के मौसम की बात करें, तो इस दौरान झारखंड में कई जगहों पर हल्के से मध्यम दर्जे की वर्षा हुई. कोडरमा जिला के मरकच्चो समेत कई जगहों पर भारी वर्षा भी हुई. मरकच्चो में 68 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गयी. इस दौरान अधिकतम तापमान देवघर में दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान गुमला का रहा. गुमला में न्यूनतम तापमान 22.5 डिग्री सेंटीग्रेड रहा, जबकि देवघर में अधिकतम तापमान 35.6 डिग्री दर्ज किया गया. रांची, जमशेदपुर, डाल्टनगंज, बोकारो और चाईबासा का अधिकतम तापमान सामान्य से ज्यादा रहा.

अधिकतम तापमान सामान्य से अधिक

राजधानी रांची का अधिकतम तापमान सामान्य से 2.3 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा, जबकि जमशेदपुर में यह 0.9 डिग्री, डाल्टनगंज में 2.5 डिग्री, बोकारो में 2.3 डिग्री और चाईबासा में का तापमान सामान्य से 2 डिग्री अधिक दर्ज किया गया. न्यूनतम तापमान भी इन जिलों में सामान्य से अधिक है. रांची में न्यूनतम तापमान सामान्य से 3.6 डिग्री अधिक दर्ज किया गया, तो जमशेदपुर में 2.1 डिग्री, बोकारो में 1.1 डिग्री, बोकारो में 3.9 डिग्री और चाईबासा में 1.6 डिग्री.

इन जिलों में हुई वर्षा

आज मौसम विभाग ने बताया कि बोकारो, धनबाद, गिरिडीह, कोडरमा, पाकुड़, साहिबगंज, देवघर, दुमका, गोड्डा, जामताड़ा, लातेहार, लोहरदगा, रांची, गुमला, सिमडेगा और पश्चिमी सिंहभूम जिला के कुछ हिस्सों में मंगलवार को हल्के से मध्यम दर्जे की वर्षा हुई.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button