JharkhandStates

दिवाली-छठ पर रांची से हवाई सफर हुआ महंगा.

अहमदाबाद, पुणे और मुंबई के टिकटों में 94 प्रतिशत तक उछाल.

त्योहारी सीजन में रांची से पश्चिम भारत के प्रमुख शहरों की हवाई यात्रा महंगी हो गई है। दिवाली और छठ के आसपास अहमदाबाद, पुणे और मुंबई जाने वाले यात्रियों को ज्यादा किराया चुकाना पड़ रहा है। ऑनलाइन टिकट बुकिंग प्लेटफॉर्म Ixigo और MakeMyTrip के किराया कैलेंडर में यह बढ़ोतरी दर्ज की गई है। दो से 14 नवंबर तक के आंकड़ों के अनुसार, इन तीनों शहरों के शुरुआती किराये में 68 से 94 प्रतिशत तक वृद्धि हुई है। दिल्ली, बेंगलुरु और हैदराबाद के टिकट भी सामान्य दिनों के मुकाबले महंगे हैं। दो नवंबर की तुलना में 14 नवंबर तक अहमदाबाद का शुरुआती किराया 6,905 रुपये बढ़ गया है। यह करीब 94 प्रतिशत की वृद्धि है। पुणे के शुरुआती किराये में 8,773 रुपये यानी लगभग 88 प्रतिशत का इजाफा हुआ है। मुंबई का शुरुआती टिकट भी 5,631 रुपये महंगा हुआ है। इसमें करीब 68 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। अहमदाबाद का शुरुआती किराया दो नवंबर को 7,379 रुपये था। चार से 12 नवंबर के बीच यह बढ़कर 8,128 से 9,664 रुपये के बीच पहुंच गया। 13 और 14 नवंबर को यही किराया 12,814 से 14,284 रुपये तक दर्ज किया गया। पुणे के लिए चार से 12 नवंबर के बीच शुरुआती टिकट 9,166 से 12,071 रुपये के बीच रहा। 13 और 14 नवंबर को पुणे का किराया अलग-अलग उड़ानों में 10,008 रुपये से शुरू होकर 18,781 रुपये तक पहुंच गया।

मुंबई के लिए दो नवंबर को शुरुआती टिकट 8,217 रुपये का था। चार नवंबर को इसका शुरुआती किराया 9,054 रुपये हो गया। 14 नवंबर तक यह बढ़कर 13,848 रुपये पहुंच गया। किराये में इस उछाल के पीछे सीमित उड़ानें और बढ़ती मांग प्रमुख कारण बताए जा रहे हैं। रांची से पुणे और अहमदाबाद के लिए सीधी उड़ानों की संख्या कम है। ऐसे में यात्रियों को कनेक्टिंग फ्लाइट्स पर निर्भर रहना पड़ता है। त्योहारों के बाद कामकाजी लोगों और छात्रों की वापसी से भी मांग बढ़ने की संभावना है। आठ नवंबर को दिवाली और 11 नवंबर को भाई दूज मनाया जाएगा। इसके बाद 13 और 14 नवंबर को सप्ताहांत होने के कारण वापसी करने वाले यात्रियों की संख्या बढ़ सकती है। इन तारीखों पर पुणे, मुंबई और अहमदाबाद के औद्योगिक तथा आईटी क्षेत्रों में लौटने वाले यात्रियों की मांग अधिक रहने की उम्मीद है। दिल्ली के लिए रोजाना सात सीधी उड़ानें उपलब्ध हैं। दो से आठ नवंबर के बीच शुरुआती किराया 6,570 से 7,316 रुपये के बीच है। हालांकि, कनेक्टिंग और शाम की उड़ानों का किराया 11,316 से 16,326 रुपये तक पहुंच गया है। बेंगलुरु के लिए रोजाना पांच सीधी उड़ानें हैं और दो नवंबर का शुरुआती किराया 8,200 रुपये है। चार से आठ नवंबर के बीच यह 9,062 रुपये से शुरू हो रहा है। हैदराबाद के लिए शुरुआती टिकट 8,895 रुपये से लेकर अलग-अलग उड़ानों में 12,480 रुपये तक है। केंद्र सरकार ने 31 अक्टूबर को भारतीय वायुयान नियम, 2026 अधिसूचित किए हैं। नियम 192 के तहत असाधारण परिस्थितियों में जनहित को देखते हुए सरकार एयरलाइंस को किराये पर लिखित निर्देश दे सकेगी। किराये की निगरानी DGCA करेगा और एयरलाइंस को मूल किराया, टैक्स तथा अन्य शुल्क का अलग-अलग विवरण देना होगा। हालांकि, ये नियम एक जनवरी 2027 से लागू होंगे, इसलिए मौजूदा दिवाली-छठ सीजन में यात्रियों को इनसे राहत नहीं मिलेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button