सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर क्षेत्र में दोस्ती का रिश्ता एक मामूली विवाद के कारण खून में बदल गया। महज एक सिगरेट मांगने को लेकर हुए झगड़े में विशाल कुमार सिंह ने अपने दोस्त सोनू कुमार की गोली मारकर हत्या कर दी। यह घटना 9 नवंबर की शाम जमालपुर के सतवाहिनी इलाके में हुई थी। मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी विशाल कुमार सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। उसकी निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल की गई पिस्टल भी बरामद कर ली गई है। सरायकेला एसडीपीओ ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर गिरफ्तारी और हथियार बरामदगी की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि घटना के दिन शाम करीब 7:15 बजे सोनू को गोली मारी गई थी। पुलिस ने आरोपी की तलाश के लिए विशेष टीम गठित की थी। मानवीय सूचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर टीम उसकी गतिविधियों का पता लगा रही थी। इसी क्रम में पुलिस ने सापड़ा पुल के पास से विशाल को गिरफ्तार किया। पूछताछ में सामने आया कि विशाल और सोनू एक-दूसरे के दोस्त थे। दोनों के परिवारों के बीच भी जान-पहचान थी। घटना वाले दिन दोनों साथ बैठकर शराब पी रहे थे। इसी दौरान सोनू द्वारा सिगरेट मांगने को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। विवाद बढ़ने पर विशाल ने पिस्टल निकाल ली और सोनू पर गोली चला दी।
गोली लगने से सोनू की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी घटनास्थल से फरार हो गया। पुलिस के मुताबिक, विशाल डिमना चौक पहुंचा और वहां से बस पकड़कर उसी रात शेरघाटी चला गया। उसने कुछ समय तक शेरघाटी में रहकर गिरफ्तारी से बचने की कोशिश की। बाद में जब वह वापस लौट रहा था, तभी पुलिस ने उसे पकड़ लिया। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने उसकी निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल पिस्टल बरामद की। आवश्यक कानूनी और कागजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। पुलिस मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।



