JharkhandStates

झारखंड में सड़क हादसों से बढ़ी चिंता, नौ महीने में 3550 मौतें.

2026 में दुर्घटनाओं और घायलों की संख्या में भी इजाफा.

रांची। झारखंड में सड़क दुर्घटनाओं की बढ़ती संख्या ने एक बार फिर चिंता बढ़ा दी है। वर्ष 2026 के पहले नौ महीनों में राज्यभर में 4556 सड़क हादसे दर्ज किए गए हैं। इन दुर्घटनाओं में 3550 लोगों की जान चली गई, जबकि 2971 लोग घायल हुए हैं। पिछले वर्ष की इसी अवधि के मुकाबले इस साल हादसों में मरने और घायल होने वालों की संख्या बढ़ी है। झारखंड पुलिस मुख्यालय के सड़क सुरक्षा प्रभाग की तुलनात्मक रिपोर्ट में यह जानकारी सामने आई है। रिपोर्ट के अनुसार, जनवरी से सितंबर 2025 के बीच राज्य में 4282 सड़क दुर्घटनाएं हुई थीं। उस दौरान हादसों में 3409 लोगों की मौत हुई थी और 2728 लोग घायल हुए थे। इस तरह एक साल में दुर्घटनाओं की संख्या 274 बढ़ गई है। वहीं, मृतकों की संख्या में 141 और घायलों की संख्या में 243 की वृद्धि दर्ज की गई है। प्रतिशत के आधार पर सड़क हादसों में 6.40 फीसदी की बढ़ोतरी हुई है। इसी तरह दुर्घटनाओं में मरने वालों की संख्या 4.14 फीसदी बढ़ी है। घायलों के आंकड़े में 8.91 फीसदी का इजाफा हुआ है। औसतन राज्य में प्रतिदिन करीब 17 सड़क दुर्घटनाएं हो रही हैं। इन हादसों में हर दिन लगभग 13 लोगों की जान जा रही है। जिलावार आंकड़ों में धनबाद में सबसे अधिक बढ़ोतरी दर्ज की गई है। यहां सड़क दुर्घटनाओं में मरने वालों की संख्या 173 से बढ़कर 268 हो गई है। यानी पिछले साल की तुलना में 95 अधिक लोगों की मौत हुई है।

गढ़वा जिले में भी सड़क हादसों में जान गंवाने वालों की संख्या में बड़ा इजाफा हुआ है। यहां मृतकों का आंकड़ा 89 से बढ़कर 133 पहुंच गया है। जमशेदपुर में मौतों की संख्या 153 से बढ़कर 178 हो गई है। रामगढ़ में यह आंकड़ा 145 से बढ़कर 168 दर्ज किया गया है। हजारीबाग में भी मृतकों की संख्या 233 से बढ़कर 247 हो गई है। दूसरी ओर, कुछ जिलों में सड़क दुर्घटनाओं से होने वाली मौतों में कमी आई है। रांची में 28 कम लोगों की मौत हुई है। खूंटी में मृतकों की संख्या 31 कम हुई है। सरायकेला में 24 और गिरिडीह में 19 मौतें कम दर्ज की गई हैं। देवघर में भी पिछले साल के मुकाबले पांच कम लोगों की जान गई है। घायलों के मामले में पाकुड़ जिले की स्थिति सबसे अधिक चिंताजनक रही है। यहां घायलों की संख्या 15 से बढ़कर 59 हो गई है। गढ़वा में घायलों का आंकड़ा 90 से बढ़कर 149 पहुंच गया है। बोकारो में 92 के मुकाबले 145 लोग घायल हुए हैं। गुमला में यह संख्या 76 से बढ़कर 122 हो गई है। लातेहार में भी घायलों की संख्या 113 से बढ़कर 168 दर्ज की गई है। हालांकि, पलामू और देवघर में सड़क हादसों में घायल होने वालों की संख्या में गिरावट आई है। पुलिस की रिपोर्ट में सामने आए ये आंकड़े राज्य में सड़क सुरक्षा को लेकर गंभीर चुनौती की ओर इशारा करते हैं।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button