Ranchi: झारखंड में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव के क्षेत्र का असर राज्य में दिखाई देने लगा है। मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों तक कई जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। 17 और 18 अगस्त को कई जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और आसपास निम्न दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। इसके अगले 24 घंटे में उत्तर-पश्चिम दिशा में बढ़ने की संभावना है। इस दौरान निम्न दबाव के और मजबूत होने का अनुमान है। इसके प्रभाव से झारखंड में बारिश की गतिविधियां बढ़ेंगी। 16 अगस्त को दक्षिणी और आसपास के मध्य हिस्सों में भारी बारिश हो सकती है। पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा, सरायकेला-खरसावां, गुमला और खूंटी में येलो अलर्ट जारी किया गया है।
17 अगस्त को राज्य में बारिश का असर और बढ़ सकता है। पश्चिमी सिंहभूम, पूर्वी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां, रांची और खूंटी में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताई गई है। लोहरदगा, सिमडेगा, गुमला, रामगढ़, बोकारो, धनबाद और जामताड़ा में येलो अलर्ट रहेगा। 18 अगस्त को पलामू, लातेहार, चतरा और हजारीबाग में भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट है। लोहरदगा, रांची, खूंटी, गुमला, रामगढ़, बोकारो, कोडरमा और गढ़वा में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। पूरे राज्य में गरज के साथ बारिश और वज्रपात की संभावना है। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चल सकती है। मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी है। वज्रपात के समय खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे जाने से बचने को कहा गया है।
राजधानी रांची में अगले तीन दिनों तक बादल छाए रहने की संभावना है। 16 अगस्त को रांची में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। 17 और 18 अगस्त को भी मध्यम बारिश का अनुमान है। रांची में अधिकतम तापमान 27 से 30 डिग्री के बीच रह सकता है। न्यूनतम तापमान 22 से 23 डिग्री के आसपास रहने की संभावना है। पिछले 24 घंटे में राज्य के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हुई है। गुमला के विष्णुपुर केवीके में सबसे अधिक 69.5 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। बहरागोड़ा और पाकुड़ में अधिकतम तापमान 33.1 डिग्री दर्ज किया गया। लातेहार में सबसे कम न्यूनतम तापमान 22 डिग्री रिकॉर्ड हुआ। मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिनों तक तापमान में ज्यादा बदलाव नहीं होगा। इसके बाद अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री तक गिरावट हो सकती है।



