JharkhandStates

रांची में महिला की संदिग्ध मौत, पति गिरफ्तार.

मायके वालों ने लगाया हत्या का आरोप, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार.

राजधानी रांची के रातू थाना क्षेत्र के तिलता गांव में 32 वर्षीय महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका की पहचान ललिता देवी के रूप में हुई है। घटना के बाद महिला के मायके वालों ने उसके पति उमेश पर हत्या करने का आरोप लगाया है। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है। इसके बाद उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। जानकारी के अनुसार, ललिता मूल रूप से चतरा जिले के असरहिया गांव की रहने वाली थी। वर्ष 2012 में उसकी शादी हजारीबाग जिले के केरेडारी निवासी उमेश के साथ हुई थी। उमेश पेशे से जेसीबी चालक है। उसने रातू के तिलता गांव में जमीन खरीदकर मकान बनाया था। दोनों इसी घर में रह रहे थे। बताया जाता है कि ललिता की मौत के बाद उसका पति शव को अंतिम संस्कार के लिए पैतृक गांव ले जा रहा था। इस दौरान महिला के मायके वाले वहां पहुंच गए। उन्होंने उमेश को पकड़कर केरेडारी पुलिस के हवाले कर दिया। बाद में आरोपी को रातू थाना पुलिस को सौंप दिया गया।

मृतका के परिजनों का कहना है कि कुछ दिन पहले ललिता और उमेश के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। आसपास के लोगों ने हस्तक्षेप कर उस समय मामला शांत करा दिया था। मायके वालों को आशंका है कि इसी विवाद के कारण उमेश ने ललिता की हत्या की है। हालांकि, आरोपी ने पुलिस के सामने इन आरोपों को गलत बताया है। उसका कहना है कि ललिता घर की सीढ़ियों से गिर गई थी। गिरने के कारण उसे चोट लगी थी और उसका इलाज भी चल रहा था। उमेश के मुताबिक, इसी चोट की वजह से उसकी मौत हुई है। दूसरी ओर, केरेडारी पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने आरोपी से पूछताछ भी की है। इसके बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। महिला की मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि अभी नहीं हुई है। पुलिस को पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है। अधिकारियों का कहना है कि रिपोर्ट और जांच के निष्कर्षों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button