चतरा जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में ऑपरेशन क्लीन के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। सदर थाना क्षेत्र के शेरेगड्डा नाला के पास छापेमारी कर एक युवक को गिरफ्तार किया गया है। उसके कब्जे से एक किलो 80 ग्राम गीली अफीम बरामद हुई है। जब्त अफीम की अनुमानित बाजार कीमत करीब पांच लाख रुपये बताई गई है। इस कार्रवाई की जानकारी सदर एसडीपीओ सन्नी वर्धन ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान दी। उन्होंने बताया कि पुलिस अधीक्षक को इलाके में अफीम की तस्करी से जुड़ी गुप्त सूचना मिली थी। इसके बाद तत्काल एक पुलिस टीम गठित कर कार्रवाई के लिए भेजी गई। टीम ने शेरेगड्डा नाला के पास पहुंचकर संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखनी शुरू की। इसी दौरान एक युवक हाथ में स्टील का केन लेकर आता दिखाई दिया। पुलिस को देखकर वह अचानक घबरा गया। इसके बाद उसने मौके से भागने की कोशिश की। हालांकि, पहले से सतर्क जवानों ने पीछा कर उसे पकड़ लिया। पुलिस ने युवक के हाथ में मौजूद स्टील के केन की तलाशी ली। तलाशी के दौरान उसमें छिपाकर रखी गई एक किलो 80 ग्राम गीली अफीम मिली। इसके बाद पुलिस ने अफीम जब्त कर युवक को हिरासत में ले लिया।
गिरफ्तार युवक की पहचान अखिलेश कुमार के रूप में हुई है। वह प्रतापपुर थाना क्षेत्र के सिंदुरिया गांव का रहने वाला है। उसके पिता का नाम देवराज यादव बताया गया है। एसडीपीओ के अनुसार, पूछताछ के दौरान अखिलेश ने अपने परिवार से जुड़ी एक महत्वपूर्ण जानकारी दी। उसने बताया कि उसके पिता भी पहले अफीम के अवैध कारोबार में शामिल थे। अफीम तस्करी के एक मामले में उसके पिता जेल भी जा चुके हैं। पुलिस अब गिरफ्तार युवक से जुड़े अन्य पहलुओं की जानकारी जुटा रही है। जब्त अफीम के स्रोत और इसके संभावित खरीदारों के बारे में भी जांच की जा रही है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी कर उसे जेल भेज दिया है। इस छापेमारी में सदर थाना प्रभारी अनिल उरांव शामिल थे। उनके साथ एसआई प्रियेश प्रसून और सशस्त्र बल के जवानों ने भी कार्रवाई में हिस्सा लिया। पुलिस का कहना है कि जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।



