इजरायल ने दक्षिणी लेबनान में लोगों से क्षेत्रों को खाली करने की चेतावनी दी.
4 अक्टूबर, बेरूत: इजरायली सेना ने गुरुवार को दक्षिणी लेबनान के उन समुदायों को खाली करने की चेतावनी दी है जो संयुक्त राष्ट्र द्वारा घोषित बफर जोन के बाहर स्थित हैं।
इससे संकेत मिलता है कि इजरायल द्वारा हिज़बुल्लाह पर चलाए जा रहे जमीनी अभियान को और बढ़ाया जा सकता है।
इजरायली सेना ने हिज़बुल्लाह के करीब 200 ठिकानों पर हमले किए हैं, जिनमें हथियार भंडारण स्थलों और निगरानी पोस्ट शामिल हैं। बेरूत के दक्षिणी उपनगरों में भी भारी धमाके सुने गए। हालांकि, तुरंत यह स्पष्ट नहीं हो सका कि हमले में कौन से ठिकाने निशाना बने और क्या किसी की मौत हुई।
इजरायल ने नबातियह और लितानी नदी के उत्तर में स्थित अन्य समुदायों से लोगों को वहां से हटने को कहा है। इजरायल ने इस सप्ताह सीमित जमीनी अभियान शुरू किया है जिसमें कम से कम नौ इजरायली सैनिक हिज़बुल्लाह के साथ संघर्ष में मारे गए हैं। इस बीच, ईरानी मिसाइल हमले के बाद क्षेत्र में तनाव और बढ़ गया है।
इजरायली हवाई हमले के दौरान 28 स्वास्थ्यकर्मी मारे गए, जिससे चिकित्सा सेवाएं बाधित हो गई हैं। लेबनान के स्वास्थ्य मंत्री ने इसे अंतरराष्ट्रीय कानून का उल्लंघन बताया है। इजरायली हमले में लेबनानी रेड क्रॉस के चार पैरामेडिक्स भी घायल हुए और एक सैनिक की मौत हो गई।
इजरायल और हिज़बुल्लाह के बीच चल रहे संघर्ष के कारण हजारों लोग अपने घरों से भागने पर मजबूर हो गए हैं। इजरायल ने लोगों से सीमा से 60 किलोमीटर उत्तर की ओर स्थानांतरित होने की सलाह दी है।



