कोरोना से निपटने के लिए झारखंड में 21680 बेड सुरक्षित, जानिए आपात स्थिति से मुकाबला को लेकर और क्या है तैयारी
रांची। देश भर में एक बार फिर से कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए विशेष सतर्कता बरती जा रही है। इसी क्रम में केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के निर्देश पर 10 और 11 अप्रैल को अस्पतालों में मॉक ड्रिल किया जा रहा है। स्वास्थ्य मंत्रालय के निर्देश पर आज रांची के सदर अस्पताल में भी मॉक ड्रिल किया गया। इस मौके पर राज्य के स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता मौजूद थे। मॉक ड्रिल के दौरान उपस्थित स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता ने सदर अस्पताल में स्थित कोरोना से संबंधित स्वास्थ्य सेवाओं की विशेष रूप से जानकारी ली। स्वास्थ्य मंत्री ने अस्पताल में स्थित आइसोलेशन बेड, आईसीयू बेड, वेंटीलेटर युक्त बेड की क्रियाशीलता को देखा। स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता ने कोरोना जांच किट की उपलब्धता और ऑक्सीजन की सप्लाई प्रबंधन का भी आकलन करने का निर्देश दिया।




