JharkhandStates

सुप्रीम कोर्ट ने वन अधिकारियों को दी बड़ी राहत.

अवमानना के दोषी ठहराने वाला हाईकोर्ट का आदेश रद्द.

सुप्रीम कोर्ट ने झारखंड हाईकोर्ट के उस फैसले को निरस्त कर दिया है, जिसमें वन विभाग के दो अधिकारियों को अदालत की अवमानना का दोषी ठहराया गया था। इस फैसले के खिलाफ अधिकारियों की ओर से सुप्रीम कोर्ट में अपील दाखिल की गई थी। मामले की सुनवाई मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत, न्यायमूर्ति जॉयमाल्या बागची और न्यायमूर्ति वी. मोहना की पीठ ने की। सभी पक्षों की दलीलें सुनने के बाद शीर्ष अदालत ने हाईकोर्ट के आदेश को रद्द कर दिया। सुनवाई के दौरान अधिकारियों की ओर से जांच एजेंसियों द्वारा जुटाए गए साक्ष्य पेश किए गए। इन साक्ष्यों के आधार पर बताया गया कि हाईकोर्ट ने इजहार हुसैन के पक्ष में जिन दस्तावेजों को आधार बनाया था, वे जांच में फर्जी पाए गए हैं। अधिकारियों की ओर से कहा गया कि विवादित कागजात कथित रूप से वन भूमि पर कब्जा करने के उद्देश्य से जालसाजी कर तैयार किए गए थे। इस मामले में जमीन के मालिकाना हक को लेकर अलग से मुकदमा भी चल रहा था। संबंधित मुकदमे में अदालत ने वन विभाग के पक्ष में फैसला सुनाया और जमीन को वन भूमि माना। इसके बाद सुप्रीम कोर्ट ने अवमानना के मामले में हाईकोर्ट के आदेश को निरस्त कर दिया। उल्लेखनीय है कि तेतुलिया वन भूमि विवाद में कानूनी लड़ाई की शुरुआत इजहार हुसैन और अन्य के पक्ष में आए हाईकोर्ट के फैसले से हुई थी। उस समय राज्य सरकार 103 एकड़ जमीन को वन भूमि साबित करने में सफल नहीं हो पाई थी। इसके बाद सरकार ने हाईकोर्ट के फैसले को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी थी। हालांकि शीर्ष अदालत ने उस समय हाईकोर्ट के फैसले को बरकरार रखा था। इसके बाद वन विभाग ने जमीन पर अपना अधिकार साबित करने के लिए सक्षम न्यायालय में मुकदमा दायर किया। विभाग ने विवादित जमीन पर किसी भी तरह का काम रोकने के लिए संबंधित पक्ष को पत्र भी भेजा था।

वन विभाग के इस कदम को उमायुष मल्टीकॉम ने झारखंड हाईकोर्ट में चुनौती दी थी। इस मामले की सुनवाई तत्कालीन मुख्य न्यायाधीश एमएस रामचंद्र राव और न्यायमूर्ति दीपक रौशन की पीठ ने की। सुनवाई पूरी होने के बाद हाईकोर्ट ने 27 फरवरी 2025 को अपना फैसला सुरक्षित रख लिया था। इसके बाद 17 अप्रैल 2025 को अदालत ने अपना निर्णय सुनाया। हाईकोर्ट ने वन विभाग के अधिकारी डी. वैंकटेश्वरला और रजनीश कुमार को अदालत की अवमानना का दोषी करार दिया था। अधिकारियों ने इस आदेश को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी। अपील पर शुरुआती सुनवाई के दौरान शीर्ष अदालत ने महत्वपूर्ण अंतरिम आदेश जारी किया था। सुप्रीम कोर्ट ने अंतिम फैसला आने तक अधिकारियों को सजा सुनाने पर रोक लगा दी थी। अब मामले की विस्तृत सुनवाई पूरी होने के बाद शीर्ष अदालत ने हाईकोर्ट का अवमानना संबंधी आदेश निरस्त कर दिया है। इस फैसले से दोनों वन अधिकारियों को बड़ी राहत मिली है। साथ ही तेतुलिया की 103 एकड़ वन भूमि से जुड़ा विवाद एक बार फिर कानूनी चर्चा में आ गया है।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button