झारखंड हाईकोर्ट ने पेयजल एवं स्वच्छता विभाग में लंबे समय से कार्यरत एक कर्मचारी को बड़ी राहत दी है। अदालत ने 37 वर्षों से अधिक समय तक दैनिक वेतन और कार्यभारित कर्मचारी के रूप में काम करने वाले बाहा उरांव के पक्ष में फैसला सुनाया है। न्यायमूर्ति दीपक रोशन की अदालत ने विभाग के उस आदेश को निरस्त कर दिया, जिसमें उनकी सेवा नियमित करने से इनकार किया गया था। विभाग ने इसके लिए 1 जनवरी 1988 की कट-ऑफ डेट को आधार बनाया था। अदालत ने इस फैसले को मनमाना और संवैधानिक प्रावधानों के खिलाफ माना। मामले में प्रार्थी की ओर से अधिवक्ता शशांक शेखर ने पक्ष रखा। रांची के कांके रोड निवासी बाहा उरांव जून 1989 से पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के स्वर्णरेखा वितरण प्रमंडल में कार्यरत हैं। वह ‘कीमैन-कम-वाचमैन’ के पद पर लगातार अपनी सेवाएं दे रहे हैं। उन्होंने अपनी सेवा नियमित करने के साथ पुरानी पेंशन योजना का लाभ देने की मांग की थी। इसके लिए उन्होंने हाईकोर्ट में रिट याचिका दाखिल की थी। इससे पहले 11 जुलाई 2022 को विभाग ने उनकी मांग खारिज कर दी थी। विभाग का कहना था कि केवल 1 जनवरी 1988 से पहले नियुक्त कार्यभारित कर्मचारियों को ही नियमित करने का प्रावधान है। हालांकि, सुनवाई के दौरान अदालत ने विभाग के इस तर्क पर गंभीर सवाल उठाए। कोर्ट ने पाया कि विभाग ने जिला स्थापना समिति के फैसले के आधार पर अन्य कर्मचारियों को भी नियमित किया था। इनमें ऐसे कर्मचारी भी शामिल थे, जिनकी नियुक्ति 1988 की निर्धारित तारीख के बाद हुई थी। संबंधित कर्मचारियों ने पांच वर्ष की सेवा पूरी कर ली थी। अदालत के अनुसार, समान परिस्थितियों में केवल बाहा उरांव को नियमितीकरण से वंचित रखना उचित नहीं है। ऐसा करना संविधान के अनुच्छेद 14 के तहत समानता के अधिकार का उल्लंघन है।
अदालत ने सुप्रीम कोर्ट के जग्गो बनाम भारत संघ और विनोद बनाम भारत संघ के 2024 के फैसलों का भी उल्लेख किया। कोर्ट ने कहा कि दशकों तक स्थायी प्रकृति का काम लेने के बाद किसी कर्मचारी को तकनीकी या प्रक्रियागत कारणों से नियमितीकरण से वंचित रखना व्यवस्थागत शोषण के समान है। हाईकोर्ट ने 11 जुलाई 2022 के विभागीय आदेश को रद्द कर दिया है। साथ ही राज्य सरकार और पेयजल एवं स्वच्छता विभाग को आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया है। अदालत ने आदेश की प्रति मिलने के 12 सप्ताह के भीतर याचिकाकर्ता की सेवा स्वीकृत पद के विरुद्ध नियमित करने को कहा है। नियमितीकरण के बाद सेवा निरंतरता के लाभ पर भी विचार करना होगा। इसके अलावा अन्य समान रूप से नियमित कर्मचारियों की तरह बकाया वेतन, सेवानिवृत्ति और पेंशन संबंधी लाभ देने पर भी विचार करने का निर्देश दिया गया है। इस फैसले से लंबे समय से सेवा दे रहे कर्मचारी को बड़ी कानूनी राहत मिली है।



