Box Office पर ‘IB 71’ को मिली थकी हुई ओपनिंग, ‘केरल स्टोरी’ की आंधी झेल रही ‘गार्डियंस ऑफ द गैलेक्सी 3’
शुक्रवार को बॉक्स ऑफिस पर रिलीज हुई विद्युत जामवाल की स्पाई-एक्शन फिल्म ‘IB 71’ को बहुत ही थकी हुई ओपनिंग मिली है। इस वक्त सिनेमाघरों में ‘द केरल स्टोरी’ का बोलबाला है, ऐसे में ओपनिंग डे पर IB-71 की कमाई निराश कर सकती है। शुक्रवार को ही दो और फिल्में ‘छत्रपति’ और ‘म्यूजिक स्कूल’ भी रिलीज हुई है। लेकिन इन दोनों फिल्मों की हालत विद्युत जामवाल की फिल्म से भी अधिक खराब है। दूसरी ओर, मार्वल सिनेमैटिक यूनिवर्स की फिल्म ‘गार्डियंस ऑफ द गैलेक्सी 3’ ने भारतीय बॉक्स ऑफिस पर एक हफ्ते का सफर पूरा कर लिया है। सिनेमाघरों में इसकी सीधी टक्कर साथ में रिलीज हुई ‘द केरल स्टोरी’ से रही है। बावजूद इसके मार्वल की इस फिल्म ने अच्छा बिजनस कर लिया है।
IB 71 Box Office Prediction Day 1: बॉक्स ऑफिस के गणित का हिसाब रखने वाली वेबसाइट sacnilk के मुताबिक, विद्युत जामवाल और अनुपम खेर की फिल्म IB-71 के मॉर्निंग शोज में महज 7.93% सीटों पर दर्शक नजर आए। जबकि दोपहर के शोज में यह आंकड़ा बढ़कर 11% तक पहुंचा। इस तरह अगर शाम के शोज में ऑडियंस ऑक्यूपेंसी बढ़कर 15% तक भी जाती है तो ओपनिंग डे पर ‘आईबी 71’ बॉक्स ऑफिस पर 2 करोड़ रुपये का कलेक्शन ही कर पाएगी।




