Chhath Puja 2022: नहाय-खाय के साथ मेदिनीनगर में छठ महापर्व शुरू, व्रतियों ने नदी में जाकर की पूजा

नहाय-खाय के साथ पूजा प्रारंभ करने वाले छठव्रतियों में से अधिकांश ने आज अपने घरों में ही रहकर भगवान भास्कर की आराधना की. सुबह में व्रतियों ने अपने घरों के आंगन और छतों पर पूजन किया. घरों में छठ महापर्व के लिए विशेष साफ-सफाई की गयी.
Chhath Puja 2022: झारखंड समेत देश भर में शुक्रवार से नहाय-खाय ( nahay khay chhath puja 2022) के साथ छठ महापर्व (Chhath Mahaparv) की शुरुआत हो गयी. पलामू के प्रमंडलीय मुख्यालय मेदिनीनगर में भी छठ महापर्व शुरू हो गया. कुछ छठव्रतियों ने कोयल नदी में जाकर पूजा की, तो ज्यादातर छठव्रतियों ने अपने घर के आंगन या छत पर पूजा की. बाजार में दोपहर तक भीड़ रही. कई सामाजिक संस्थाओं ने छठव्रतियों को पूजन सामग्री उपलब्ध करायी.
कोयल नदी के किनारे छठव्रतियों ने की पूजा
नहाय-खाय के साथ छठ पूजा प्रारंभ करने के लिए छठव्रती सुबह ही कोयल नदी के तट पर पहुंच गये और पूरी शुद्धता के साथ पूजा-अर्चना की. नदी का जल और बालू पूजा के लिए घर ले गये. इस दौरान छठ करने वाले लोगों ने अपने-अपने घाट का भी स्थान चिह्नित कर लिया.
घरों में भी की आराधना
नहाय-खाय के साथ पूजा प्रारंभ करने वाले छठव्रतियों में से अधिकांश ने आज अपने घरों में ही रहकर भगवान भास्कर की आराधना की. सुबह में व्रतियों ने अपने घरों के आंगन और छतों पर पूजन किया. घरों में छठ महापर्व के लिए विशेष साफ-सफाई की गयी.
from prabhat khabar



