दो मई से तीन देशों की यात्रा पर जाएंगे पीएम मोदी, विदेश दौरे में 25 कार्यक्रमों में होंगे शामिल

नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दो मई से तीन देशों की यात्रा पर निकलेंगे। वर्ष 2022 की अपनी पहली विदेश यात्रा के दौरान वे जर्मनी, डेनमार्क और फ्रांस का दौरा करेंगे। इस चार दिवसीय यात्रा में प्रधानमंत्री मोदी लगभग 65 घंटे बिताएंगे। सूत्रों के अनुसार, इस दौरे में प्रधानमंत्री मोदी 25 कार्यक्रमों में भाग लेंगे और सात देशों के आठ नेताओं के साथ द्विपक्षीय, बहुपक्षीय बैठकें करेंगे।
7 देशों के 8 नेताओं से मुलाकात करेंगे पीएम मोदी
सूत्रों के अनुसार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 2 और 3 मई को जर्मनी में रहेंगे। इसके बाद वे 3 और 4 मई को डेनमार्क जाएंगे और 4 मई को ही फ्रांस की यात्रा करेंगे। इस दौरान वे सात देशों के आठ राष्ट्राध्यक्षों के अलावा 50 वैश्विक कारोबारियों से भी मुलाकात करेंगे। प्रधानमंत्री मोदी जर्मनी और डेनमार्क में एक-एक रात रुकेंगे और 4 मई को वापस लौटते समय कुछ देर के लिए पेरिस में ठहरेंगे।
रूस-यूक्रेन युद्ध के समय महत्वपूर्ण है पीएम की विदेश यात्रा
रूस-यूक्रेन युद्ध के समय में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की यह चार दिवसीय विदेश यात्रा महत्वपूर्ण मानी जा रही है। इस वर्ष की उनकी पहली विदेश यात्रा ऐसे समय में हो रही है जब भारत के नजदीकी देश युद्धरत हैं। यूक्रेन पर रूस की सैन्य कार्रवाई के चलते अमेरिका और यूरोप रूस के खिलाफ खड़े हैं। हालांकि, भारत की भूमिका तटस्थ रही है, लेकिन वह लगातार शांति की अपील कर रहा है। प्रधानमंत्री मोदी ने रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से तीन बार फोन पर बात की है और यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की से भी शांति बहाली पर चर्चा की है।
भारत से शांति बहाली की अपील
ब्रिटेन के प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन ने हाल ही में भारत की यात्रा की थी, जिसमें उन्होंने यूक्रेन में शांति बहाली के लिए भारत की पहल की अपील की थी। इसके अलावा, रायसीना डायलॉग में शामिल होने के लिए नार्वे, नीदरलैंड और लिथुआनिया के विदेश मंत्रियों ने भी भारत का दौरा किया था। इससे पहले, रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव ने भी भारत यात्रा के दौरान पीएम मोदी से मुलाकात की थी।
पीएम मोदी की यात्रा का कार्यक्रम
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सबसे पहले बर्लिन जाएंगे, जहां वे चांसलर ओलाफ शुल्त्ज के साथ द्विपक्षीय वार्ता करेंगे और एक संयुक्त व्यावसायिक कार्यक्रम को संबोधित करेंगे। जर्मनी में भारतीय समुदाय को भी संबोधित करेंगे। इसके बाद वे डेनमार्क जाएंगे, जहां वे प्रधानमंत्री मेटे फ्रेडरिकसेन के साथ बैठक करेंगे और दूसरे भारत-नॉर्डिक शिखर सम्मेलन में भाग लेंगे। इस सम्मेलन में आइसलैंड, नॉर्वे, स्वीडन और फिनलैंड के प्रधानमंत्री भी शामिल होंगे। अंत में, प्रधानमंत्री मोदी पेरिस में फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों से मुलाकात करेंगे।



