Uncategorized

दिल्ली में कांग्रेस अध्यक्ष खरगे से क्यों मिले हेमंत सोरेन, झारखंड के सीएम ने किया खुलासा

झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने दिल्ली में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे से मुलाकात की। जेएमएम के कार्यकारी अध्यक्ष सोरेन की खरगे से मुलाकात को लेकर सियासी चर्चा शुरू हो गई। वहीं मुलाकात के बाद हेमंत सोरेन ने बताया कि उन्होंने कर्नाटक विधानसभा चुनाव में कांग्रेस पार्टी की जीत पर उन्हें बधाई दी। इसके अलावा वर्तमान और भविष्य के राजनीतिक परिदृश्यों पर चर्चा भी हुई। माना जा रहा है कि हेमंत सोरेन ने पिछले दिनों विपक्षी दलों की एकता की मुहिम लेकर भी चर्चा की।हाल ही में बिहार के सीएम नीतीश कुमार और डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव ने हेमंत सोरेन से मुलाकात की थी। जिस समय ये मुलाकात हुई तो झारखंड सरकार के मंत्रिमंडल में शामिल कांग्रेस का कोई मंत्री या नेता वहां मौजूद नहीं थे। इसे लेकर सियासी हलके में कयास लगाया जा रहा था कि झारखंड में नीतीश और हेमंत सोरेन के बीच दोस्ती को लेकर कांग्रेस सहज नहीं है। नीतीश कुमार और हेमंत सोरेन ने तब साझा प्रेस कांफ्रेंस को संबोधित किया था। दोनों नेताओं ने कहा था कि बीजेपी के खिलाफ पूरे देश में विपक्षी एकता की कोशिश चल रही है और आने वाले चुनावों में इस एकता का असर दिखेगा। माना जा रहा कि झारखंड के सीएम ने नीतीश के साथ हुई बातचीत से कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे को अवगत कराया।

हेमंत सोरेन ने खरगे के साथ मुलाकात के बाद एक ट्वीट किया। उन्होंने कहा कि दिल्ली में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे जी से मुलाकात की और कर्नाटक विधानसभा चुनाव में कांग्रेस पार्टी की जीत पर उन्हें बधाई दी। बैठक के दौरान आदरणीय खरगे जी से मौजूदा और भविष्य के राजनीतिक परिदृश्य पर भी चर्चा हुई। उधर खरगे ने ट्वीट किया कि झारखंड के मुख्यमंत्री और हमारे गठबंधन के साथी, हेमंत सोरेन ने 10 राजाजी मार्ग में, मुलाकात कर कर्नाटक चुनाव में कांग्रेस की जीत के लिए शुभकामनाएं प्रेषित कीं। साथ मिलकर जनता के अधिकारों और सामाजिक न्याय के लिए कार्य करने के लिए पुनः प्रतिबद्धता जताई।

खरगे ने कहा कि हेमंत सोरेन ने लोगों के अधिकारों और सामाजिक न्याय के लिए मिलकर काम करने की प्रतिबद्धता पर भी जोर दिया। सूत्रों ने कहा कि दोनों नेताओं ने 2024 के लोकसभा चुनाव के लिए विपक्षी एकता को मजबूत करने के तरीकों पर चर्चा की। यह बैठक 2024 में भारतीय जनता पार्टी का मुकाबला करने के लिए विपक्षी एकता बनाने के भारी प्रयासों के बीच हो रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button