अंडमान में प्रतिबंधित क्षेत्र में घुसने पर अमेरिकी नागरिक गिरफ्तार.
पोर्ट ब्लेयर: अंडमान और निकोबार पुलिस की अपराध जांच शाखा (CID) ने एक अमेरिकी नागरिक को प्रतिबंधित जनजातीय क्षेत्र में प्रवेश करने के आरोप में गिरफ्तार किया है।

यह गिरफ्तारी 31 मार्च को की गई।
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार शख्स का नाम मिखाइलो विक्टोरोविच पोल्याकोव (24) है। वह 27 मार्च को पोर्ट ब्लेयर पहुंचा था।
पुलिस महानिदेशक एच. एस. ढलिवाल ने बताया कि यह अमेरिकी नागरिक है और इसके पिता यूक्रेन से हैं। 29 मार्च को स्थानीय लोगों ने उसे खुरामादेरा बीच के पास देखा। वह सुबह 4 बजे एक इन्फ्लेटेबल सिंगल-सीटर नाव में था।
गुप्त सूचना के आधार पर CID ने उसे हिरासत में लिया और पूछताछ के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। जांच में सामने आया कि उसने तारमुगली द्वीप के पास प्रतिबंधित जनजातीय क्षेत्र में प्रवेश किया था, जहां बाहरी लोगों का जाना पूरी तरह निषेध है।
अधिकारियों ने बताया कि आरोपी के खिलाफ अवैध रूप से संरक्षित क्षेत्र में घुसने और विदेशी नागरिक अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि उसने यह यात्रा किस उद्देश्य से की थी और उसके संपर्क किन-किन लोगों से थे। सुरक्षा एजेंसियां इस मामले की गंभीरता से जांच कर रही हैं।
पहले भी इस क्षेत्र में अवैध रूप से घुसने वाले विदेशी नागरिकों को गिरफ्तार किया जा चुका है।