Uncategorized

‘लालू यादव ने मेरे पति को मरवा दिया’, बीजेपी सांसद रमा देवी के बयान के बाद बिहार में सियासी बवाल तय

 ‘लालू यादव ने मुख्यमंत्री बनने के लिए मेरे पति को मरवा दिया। ये लोग बेशर्म हो गया। ये लोग पैसा खाने के लिए बैठा हुआ है। इनके यहां रोज घोटाला होता है’। उपरोक्त बयान बीजेपी सांसद रमा देवी का है। रमा देवी ने लालू यादव पर निशाना साधते हुए कहा है कि उन्होंने उनके पति को इसलिए मरवा दिया क्योंकि उन्हें मुख्यमंत्री का पद चाहिए था। इससे पूर्व भी रमा देवी ने इसको लेकर बयान दिया था। इससे एक साल पहले 29 अगस्त 2022 को रमा देवी ने इस तरह का आरोप लालू यादव पर लगाया था। उन्होंने कहा था कि उनके पति को ठंडा करा दिया गया। अगस्त 2022 में आरजेडी सरकार में मंत्री रहे और IGIMS गोलीकांड में मारे गए बृजबिहारी प्रसाद की पत्नी रमा देवी ने बड़ा बयान दिया था। उन्होंने कहा था कि उनके पति की लोकप्रियता लालू परिवार से बर्दाश्त नहीं हो रही थी। इसलिए बृजबिहारी प्रसाद को साजिश रचकर लालू परिवार ने ही ‘ठंडा’ करवा दिया।

लालू यादव पर बड़ा आरोप

उस वक्त जब मीडिया ने रमा देवी से पूछा कि आप बहुत बड़ा आरोप लगा रही हैं। तब रमा देवी ने कहा था कि मैं अपनी बात पर कायम हूं। पत्रकारों से बातचीत के दौरान साफ कहा कि ‘ऐसा ठंडा इन लोगों ने कितनों को किया है। हमारे पति को भी ठंडा किया ये लोग मिलकर, कि कहीं मुख्यमंत्री की कुर्सी पर न बैठ जाएं बृज बिहारी बाबू। राबड़ी देवी को अपना नाम लिखने तक में समय लगता है, ऐसे लोगों को सीएम बनाया।’ इस पर जब सवाल पूछा गया कि रमा देवी बेहद गंभीर आरोप लगा रही हैं तो उन्होंने कहा कि ‘बिल्कुल, मेरे पति की हत्या इन्हीं लोगों ने (लालू परिवार) कराई है।’

भ्रष्टाचार पर हमला

रमा देवी शिवहर से बीजेपी की सांसद हैं। आज उन्होंने गर्दनीबाग में आयोजित एक धरने को संबोधित करते हुए ये बातें कही। उन्होंने एक बार फिर लालू यादव पर बड़ा आरोप लगाया। उन्होंने साफ कहा कि लालू यादव ने मुख्यमंत्री बनने के लिए मेरे पति को मरवा दिया। ये लोग बेशर्म हो गया। ये लोग पैसा खाने के लिए बैठा हुआ है। इनके यहां रोज घोटाला होता है। रमा देवी ने इस दौरान बिहार सरकार और महागठबंधन की सरकार पर जमकर निशाना साधा। रमा देवी ने खुलकर पीएम मोदी की तारीफ करती नजर आईं। उन्होंने महिला बिल पास होने पर कहा कि बीजेपी महिलाओं को सम्मान देने का काम करती है।

पीएम मोदी की तारीफ

धरना के दौरान अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि कुछ लोग अरबपति बने हुए हैं। शर्म इन्हें बिल्कुल भी नहीं आती है। ये जेल जाते हैं और उसके बाद जमानत पाते हैं। इन लोगों ने जाति गणना में घोटाला कर दिया है। ये घोटाला और अपमान जनता बर्दाश्त नहीं करेगी। हम लोग जवाब देने के लिए काफी हैं। हम लोग कभी दबने वाले नहीं हैं। इन सारे राक्षसों का विनाश करने के लिए रमा देवी काफी हैं। सांसद ने इस दौरान पीएम मोदी की तारीफ करते हुए कहा है कि जिस तरह वे राज चला रहे हैं। वैसा ही राज चलता है। नीतीश कुमार क्या कर रहे हैं। सब कुछ लालू यादव के हाथ में है। बिहार को बर्बाद करने का काम किया जा रहा है। ध्यान रहे कि रमा देवी कई मौकों पर इससे पहले भी लालू यादव पर आरोप लगा चुकी हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button