Uncategorized

राजकोट में बंधक बनाए गए सरायकेला के 6 मजदूरों को पुलिस ने कराया मुक्त, उधर ठाणे में झारखंड के ट्रक चालक की हत्या

गुजरात के राजकोट में बंधक बनाए गए झारखंड के छह मजदूरों को मुक्त करा लिया गया है। इनमें पांच मजदूर नाबालिग हैं। ये सभी झारखंड के सरायकेला-खरसावां जिला अंतर्गत कुकड़ू प्रखंड के रहने वाले हैं। झारखंड के पुलिस-प्रशासन ने गुजरात पुलिस-प्रशासन की मदद से राजकोट की एक कंपनी से मुक्त कराने के बाद वापस घर लाया जा रहा है। इनके आज घर पहुंचने की संभावना है।


बंधक बनाकर किया जा रहा था शोषण

इन मजदूरों के परिजनों ने पुलिस को लिखित सूचना देकर बताया था कि राजकोट स्थित केराविट नामक कंपनी में नौकरी दिलाने के नाम पर ले जाया गया था। इन्हें इसी जिले के कांड्रा निवासी यशवंत तांती बहला-फुसलाकर ले गया था। वहां जाने के बाद उन्हें बंधक बनाकर शोषण किया जा रहा था। सभी मजदूरों से जबरदस्ती काम कराया जा रहा था।

परिजनों से भी नहीं करने दिया जाता था संपर्क

इतना ही नहीं, उन्हें अपने परिजनों से भी संपर्क नहीं करने दिया जा रहा था। मजदूरों के परिजनों की ओर से जानकारी दिए जाने के बाद स्थानीय पुलिस हरकत में आई। जिला परिषद उपाध्यक्ष मधुश्री महतो ने जिले के उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक को पत्र लिखकर मजदूरों को सकुशल वापस लाने की पहल करने का आग्रह किया था। इसके बाद पुलिस ने राजकोट टीम भेजी और मजदूरों को मुक्त कराया गया।

महाराष्ट्र के ठाणे में ट्रक चालक की पीट-पीट कर हत्या

महाराष्ट्र में ठाणे जिले के कल्याण टाउनशिप इलाके में दुर्गाडी किले के पास सोमवार सुबह कुछ लोगों ने 25 वर्षीय एक ट्रक चालक की कथित तौर पर पीट-पीटकर हत्या कर दी। पुलिस ने यह जानकारी दी। एक अधिकारी ने बताया कि घटना सुबह करीब चार बजकर 40 मिनट पर हुई। घटना के कारणों का पता नहीं चल सका है। उन्होंने बताया कि मृतक की पहचान झारखंड के बोलाकुमार दीपक महतो के रूप में हुई है। महतो नवी मुंबई में रहता था। अधिकारी ने बताया कि हमले में शामिल लोगों की सही संख्या का पता लगाया जा रहा है और मामला दर्ज करने की प्रक्रिया चल रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button