Uncategorized

झारखंड में फिर एक्टिव होगा मानसून, 16 सितंबर तक झमाझम बारिश को लेकर मौसम विभाग का येलो अलर्ट

झारखंड में पिछले 24 घंटे के दौरान मानसून की गतिविधियां कमजोर रहने के बावजूद कई स्थानों पर हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश हुई। सबसे अधिक बारिश 54.8 मिलीमीटर बारिश रामगढ़ में हुई। इसके अलावा गढ़वा में 18.5, सुजानी में 15.5, रांची में 12.2, गोइलकेरा में 11.2, नामकुम में 10.4, बड़कागांव में 9, जगरनाथ में 4.5 और बोकारो में 4 मिलीमीटर बारिश हुई। इसके अलावा हजारीबाग में 2.5, कोनार में 2.2, राजमहल में 1.4 और कोडरमा में 1.2 मिलीमीटर बारिश हुई।

14 सितंबर के लिए येलो अलर्ट जारी

मौसम विभाग की ओर राज्य में विभिन्न अगले 16 सितंबर तक हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश की संभावना जताई गई है। जबकि 14 सितंबर तक के लिए येलो अलर्ट भी जारी किया गया है। 11 सितंबर को राज्य में कुछ स्थानों पर गर्जन के साथ हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश होगी। जबकि 12 और 13 सितंबर को राज्य में कई स्थानों पर बारिश के आसार है। वहीं 14 से 16 सितंबर राज्य में लगभग सभी स्थानों पर गर्जन के साथ हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश की संभावना है। मौसम पूर्वानुमान में यह भी जानकारी दी गई कि राज्य के अगले तीन दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। इसके बाद अगले दो दिनों में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट देखी जा सकती है। इस दौरान रांची और आसपास के क्षेत्रों में भी बादल छाये रहेंगे और बारिश की संभावना है। राजधानी का अधिकतम तापमान 31 से 27 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है।

राज्य में सामान्य से 33 प्रतिशत कम बारिश

झारखंड में 1 जून से 10 सितंबर तक सामान्य से 33 प्रतिशत कम बारिश हुई। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार इस दौरान राज्य में 882.2 मिलीमीटर की जगह अब तक सिर्फ 592.2 मिलीमीटर बारिश हुई। राज्य के पांच जिले साहेबगंज, गोड्डा, सरायकेला, सिमडेगा और पूर्वी सिंहभूम में सामान्य बारिश हुई। वहीं चतरा में सामान्य से काफी कम बारिश हुई। अन्य 18 जिलों में भी सामान्य से कम बारिश हुई।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button