उपचुनाव में उतरे बागी बैजनाथ को मनाने से NDA को राहत, I.N.D.I.A. के लिए एआईएमआईएम ने बढ़ाई मुश्किल
डुमरी विधानसभा उपचुनाव के लिए नामांकन दाखिल करने और नामांकन पत्रों की जांच की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। उपचुनाव में सत्तारूढ़ जेएमएम और बीजेपी समर्थित आजसू पार्टी के बीच मुकाबला तय माना जा रहा है। लेकिन आजसू पार्टी के बागी प्रत्याशी बैजनाथ महतो ने पर्चा दाखिल कर एनडीए प्रत्याशी यशोदा देवी की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। 21 अगस्त तक नामांकन वापस लेने की अंतिम तारीख है। फिलहाल आजसू पार्टी और बीजेपी नेताओं की ओर से यह कोशिश की जा रही है, बैजनाथ महतो को समझा कर उन्हें नामांकन वापस लेने के लिए तैयार किया जाए। वहीं उपचुनाव में एआईएमआईएम प्रत्याशी के रूप में मौलाना मोबिन रिजवी ने फिर से चुनाव मैदान में उतरने का फैसला लिया है। हालांकि पिछले दो चुनाव में सफलता नहीं मिली, लेकिन उन्हें एक बड़े वर्ग का समर्थन मिलता रहा हैं।
बैजनाथ महतो को मनाने में जुटे आजसू पार्टी के वरिष्ठ नेता
आजसू पार्टी के बागी नेता बैजनाथ महतो ने झारखंड खतियानी मोर्चा के टिकट पर नामांकन का पर्चा दाखिल किया। बैजनाथ महतो के नामांकन के बाद अब सबसे अधिक खतरा आजसू पार्टी की महिला प्रत्याशी यशोदा देवी के लिए उत्पन्न हो गया है,क्योंकि बैजनाथ महतो के नामांकन के बाद उपचुनाव में एनडीए प्रत्याशी के लिए भीतरघात का खतरा बढ़ गया है। ऐसी स्थिति में आजसू पार्टी के वरिष्ठ नेता बैजनाथ महतो को मनाने के प्रयास में जुटे हैं और दावा किया जा रहा हैं। इस प्रयास में उन्हें सफलता मिल जाएगी। इस प्रयास में उन्हें सफलता मिल जाएगी। आजसू पार्टी प्रमुख सुदेश महतो खुद बैजनाथ महतो को मनाने के लिए डुमरी पहुंचे थे। जिसके बाद बैजनाथ महतो ने नामांकन वापस लेने की घोषणा की है।
एआईएमआईएम प्रत्याशी के डटे रहने से जेएमएम प्रत्याशी को नुकसान
दूसरी तरफ उपचुनाव में एआईएमआईएम प्रत्याशी मौलाना मोबिन रिजवी के फिर से चुनाव मैदान में उतरने से सबसे ज्यादा खतरा जेएमएम प्रत्याशी और मंत्री बेबी देवी के लिए उत्पन्न हुआ है। मौलाना रिजवी ने पिछले चुनाव में 24 हजार से अधिक वोट प्राप्त किए थे,जबकि 2014 के चुनाव में भी वे जेडीयू उम्मीदवार के रूप में तीसरे स्थान पर थे। एआईएमआईएम प्रत्याशी के चुनाव मैदान में उतरने से मुस्लिम मतों के बिखराव से जेएमएम प्रत्याशी नुकसान और एनडीए प्रत्याशी को फायदा हो सकता है।
21 अगस्त के बाद मुकाबले की तस्वीर होगी साफ
डुमरी उपचुनाव के लिए नामांकन पत्र वापस लेने की अंतिम तिथि 21 अगस्त है। ऐसे में सोमवार शाम को ही मुकाबले की तस्वीर साफ हो पाएगी। हालांकि यह तय है कि उपचुनाव में मुख्य मुकाबला जेएमएम की बेबी देवी और आजसू पार्टी की यशोदा देवी के बीच ही होगा। बेबी देवी और यशोदा देवी ने चुनाव प्रचार अभियान भी शुरू कर दिया हैं। दोनों दलों के नेता-कार्यकर्ताओं की ओर से लगातार जनसंपर्क अभियान चलाया जा रहा हैं।




