48 सालों बाद उफनाई हिंडन नदी, नोएडा और गाजियाबाद की तेज बारिश ने बढ़ा दी मुसीबत
दिल्ली के बाद अब उत्तर प्रदेश के दो बड़े औद्योगिक शहरों नोएडा और गाजियाबाद में बाढ़ ने अपना कहर दिखाना शुरू कर दिया है। साल भर नाले की तरह बहने वाली हिंडन नदी 48 साल बाद उफान पर है। इससे गाजियाबाद और नोएडा के कई इलाके पानी में डूबे हुए हैं। लोगों को अपना घर छोड़कर भी जाना पड़ा है। ये सब हो ही रहा था कि बुधवार को फिर इलाके में बारिश हो गई। इससे हालात और खराब होने की स्थिति बनी है।
300 से ज्यादा गाड़ियां डूबीं
हिंडन नदी का जलस्तर लगातार बढ़ने से आसपास के एरिया में बाढ़ जैसे हालात हो गए हैं। कई घरों में पानी भर गया है। वहीं, सुतियाना गांव में ऐप बेस्ड कैब बुकिंग कंपनी के यार्ड में 4 से 5 फीट तक पानी भरने की वजह से करीब 300 से अधिक गाड़ियां डूब गई हैं। दूसरी ओर आसपास के खेत और फार्महाउसों में भी पानी भर गया है। जिला प्रशासन और पुलिस की टीमें लगातार लोगों को डूब एरिया से निकालकर सुरक्षित जगह ले जा रही हैं।
घट रहा था जलस्तर, बारिश से बढ़ेगी परेशानी
कई दिनों से बढ़ रहा हिंडन का पानी मंगलवार से घटने लगा था। सोमवार रात 10 बजे से मंगलवार दोपहर तक करीब 15 घंटे में हिंडन में पानी का लेवल एक फुट तक कम हुआ। जहां पानी का लेवल कम हुआ है, वहां पंप से बाढ़ का पानी निकाला जा रहा है। नगर निगम के जलकल विभाग के जीएम आनंद त्रिपाठी ने बताया कि निचले इलाकों में 10 पंप लगाए गए हैं। नंदनी पार्क, करहेड़ा में कई जगह पंप लगाए गए हैं। एडीएम फाइनैंस वीके श्रीवास्तव ने बताया कि सिंचाई विभाग का अनुमान है कि बारिश नहीं हुई तो 24 घंटे में एक फुट पानी और कम हो सकता है। एडीएम फाइनैंस ने बताया कि प्रशासनिक रेकॉर्ड में हिंडन में इस बार 48 वर्षों बाद इतनी बाढ़ आई है। इसकी वजह से फसलों को काफी नुकसान हुआ है। हिंडन के आसपास रहने वालों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।




