Uncategorized

जयपुर की नूर शेखावत के नाम अनूठा रिकॉर्ड दर्ज, नगर निगम ने जारी किया राजस्थान का पहला ट्रांसजेंडर बर्थ सर्टिफिकेट

राजस्थान में जयपुर ग्रेटर नगर निगम की ओर से बुधवार को राज्य का पहला ट्रांसजेंडर जन्म प्रमाण पत्र जारी किया गया। आर्थिक एवं सांख्यिकी विभाग के निदेशक और जन्म मृत्यु के चीफ रजिस्ट्रार भंवरलाल बैरवा ने यह प्रमाण पत्र नूर शेखावत को दिया। नूर शेखावत ने 10 दिन पहले निगम में जन्म प्रमाण पत्र के लिए आवेदन किया था। इस दौरान थर्ड जेंडर का सर्टिफिकेट पाकर नूर शेखावत ने अपनी खुशी का इजहार किया। इसी के साथ नूर राजस्थान में बर्थ सर्टिफिकेट हासिल करने वाली ऐसी पहली ट्रांसजेंडर बन गई हैं। चीफ रजिस्ट्रार बैरवा ने बताया कि नूर शेखावत को पहला थर्ड जेंडर को जन्म प्रमाण पत्र जारी किया गया है। अब तक पुरुष और महिला के ही जन्म का रिकॉर्ड ही हमारे पास मिलता था। अब हमारे पोर्टल पर थर्ड जेंडर का भी रिकॉर्ड मिलेगा। ग्रेटर निगम के रजिस्ट्रार (जन्म मृत्यु) प्रदीप पारीक ने बताया कि अधिक से अधिक थर्ड जेंडर अपना जन्म प्रमाण पत्र बनवाएं। इसके लिए जल्द ही जागरूकता अभियान चलाया जाएगा।

सर्टिफिकेट मिलने पर खुशी जताई नूर शेखावत ने

थर्ड जेंडर का प्रमाण पत्र लेने के बाद नूर शेखावत ने खुशी जताई। उन्होंने बताया कि 12वीं तक पढ़ाई की है। नूर का कहना है कि कि समाज में थर्ड जेंडर समुदाय भी है। इसे समाज में उतने ही अधिकार दिए जाने चाहिए, जितने कि आम आदमी को है। हमें भी समाज में सिर उठा कर जीने की आजादी मिलनी चाहिए। नूर शेखावत ने बताया की आगे पढ़ाई करने के लिए कॉलेज की तरफ कदम रखा। लेकिन वहां माहौल ठीक नहीं था। स्कूल के समय में भी साथ पढ़ने वाले स्टूडेंट ट्रांसजेंडर होने पर ताने मारते। लेकिन उस समय हार नहीं मानीं और संघर्ष करती रहीं। नूर शेखावत ने बताया की सभी इस बात को भूल जाते हैं कि समाज में थर्ड जेंडर समुदाय भी है। सुप्रीम कोर्ट के अनुसार भी थर्ड जेंडर को समाज का हिस्सा बताया है और इन्हें भी मुख्यधारा में जोड़ने की जरूरत बताई।

नूर की अपील, थर्ड जेंडर का नहीं बनाए मजाक

नूर शेखावत ने अपना दर्द बयां करते हुए कहा कि हमसे कोई बात करना पसंद नहीं करता है। हमेशा हमें समाज से अलग रखा गया। इसमें हमारी क्या गलती। हमें भी भगवान ने ही बनाया है। हम एक नॉर्मल व्यक्ति की तरह सांस लेते हैं। लेकिन हमें बचपन से इतना दबाकर कर रखा जाता है कि हमारी आवाज तेज हो जाती है। कुछ लोग ऐसे हैं, जो हमसे डरते हैं। मेरी समाज के लोगों से विनती है कि हमारा मजाक न बनाएं और हमें भी समाज में सिर उठा कर जीने की आजादी दें। समाज में थर्ड जेंडर समुदाय को बहुत सी परेशानियों से जूझना पड़ता है। उनके पास पेट पालने के लिए कमाई का कोई साधन नहीं है। इसलिए वे शुभ अवसरों पर घर-घर जाकर कमाई करते हैं। समाज के कुछ लोग इनका मजाक बनाते हैं। लेकिन हमें भी समाज से जोड़ने की जरूरत है।

दूसरे किन्नर भी बना सकेंगे बर्थ सर्टिफिकेट

आर्थिक एवं सांख्यिकी विभाग डायरेक्टर और जन्म-मृत्यु के चीफ रजिस्ट्रार भंवरलाल बैरवा ने बताया की राजस्थान में पहली बार थर्ड जेंडर को बर्थ सर्टिफिकेट जारी किया गया है। अब तक महिला और पुरुषों का ही बर्थ सर्टिफिकेट का रिकॉर्ड मिलता था। लेकिन अब पोर्टल पर थर्ड जेंडर का भी रिकॉर्ड मिलेगा। आने वाले समय में अवेयरनेस प्रोगाम चलाएंगे। इससे थर्ड जेंडर भी अपने जन्म प्रमाण पत्र बनवाने के लिए आगे आए।इससे थर्ड जेंडर का एक डेटा भी सामने आएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button