46.3 डिग्री पारा: बिजली जाने पर हो रहा भेजा फ्राई, बाप रे बाप! अब उबलने लगी दिल्ली
दिल्ली-NCR के कुछ हिस्सों में गर्मी से लोगों की हालत खराब है। नोएडा और ग्रेटर नोएडा के कई इलाकों में रविवार रात बिजली गुल रही। लोग सो नहीं पाए, सुबह तक बिजली नदारद थी। ऑफिस जाने में भी देरी हुई। संडे को दिन में तो कई जगह पारा 45 डिग्री सेल्सियस के ऊपर चला गया। दिल्ली के नजफगढ़ में तापमान 46.3 दर्ज किया गया बेस स्टेशन सफदरजंग में अधिकतम तापमान 42.9 रहा जो इस सीजन का सर्वाधिक है। इससे पहले 12 मई को पारा 42.5 डिग्री तक गया था। मौसम विज्ञानी रेकॉर्ड तापमान के पीछे उत्तर-पश्चिम से आ रहीं गर्म हवाओं को जिम्मेदार बताते हैं। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने सोमवार को कई जगह लू चलने की चेतावनी है। आईएमडी की तरफ से ‘येलो’ अलर्ट जारी किया गया। गर्मी से राहत कब मिलेगी? IMD की मानें तो बुधवार से हल्की बारिश शुरू हो सकती है।
नोएडा-ग्रेनो में बिजली गुल, पब्लिक परेशान
एक तो गर्मी ऊपर से पावर कट ने गाजियाबाद, नोएडा और ग्रेटर नोएडा के लोगों की हालत खराब कर दी। रविवार रात से ही कई इलाकों में बिजली नहीं थी। सोमवार सुबह खबर लिखे जाने तक भी कुछ इलाकों की समस्या दूर नहीं हुई थी। सोशल मीडिया पर लोग पश्चिमांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड को टैग करके खूब सुना रहे हैं।
सफदरजंग नहीं पर बाकी जगह चली लू
- सफदरजंग स्टेशन पर इस सीजन में लू का एक भी दिन दर्ज नहीं हुआ। इसके बावजूद, दिल्ली के कुछ अन्य हिस्सों में दो-तीन दिन लू की स्थितियां रही हैं।
- IMD तब लू की घोषणा करता है जब अधिकतम तापमान सामान्य से 4.5 डिग्री सेल्सियस या ज्यादा अधिक होता है। अधिकतम तापमान कम से कम 40 डिग्री सेल्सियस होना चाहिए।
- अधिकतम तापमान 45 डिग्री या उससे ज्यादा हो जाए, तब भी लू की घोषणा की जाती है। ‘गंभीर’ लू की घोषणा तब होती है जब अधिकतम तापमान सामान्य से 6.5 डिग्री ज्यादा हो।




