कर्नाटक विधानसभा के सामने डीके शिवकुमार ने टेका माथा, PM नरेंद्र मोदी की संसद वाली तस्वीर आई याद
कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार शपथ लेने के बाद जब विधानसभा पहुंचे तो वह अलग अंदाज में नजर आए। शिवकुमार ने विधानसभा में जाने से पहले सीढ़ियों पर माथा टेककर प्रणाम किया। इसके बाद वह आगे बढ़ गए।

बेंगलुरु: कर्नाटक में शनिवार को नई कांग्रेस सरकार का शपथ ग्रहण समारोह हुआ। इसमें सिद्धारमैया ने कर्नाटक के नए मुख्यमंत्री और डीके शिवकुमार ने उपमुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली। राज्यपाल थावरचंद गहलोत ने यहां कांटीरावा स्टेडियम में चल रहे समारोह में दोनों नेताओं को पद की शपथ दिलाई। शपथ लेने के बाद दोनों नेता मंत्रियों के साथ विधानसभा पहुंचे। इस दौरान डीके शिवकुमार का अलग अंदाज नजर आया। डीके शिवकुमार ने विधानसभा की सीढ़ियों पर माथा टेकते हुए प्रणाम किया। इसके बाद वह विक्ट्री साइन दिखाते हुए विधानसभा के अंदर चले गए। दरअसल लोकसभा चुनाव जीतने के पहली बार संसद पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी इसी तरह से संसद पर माथा टेका था।
कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया और उनके डिप्टी डीके शिवकुमार शनिवार को शपथ ग्रहण समारोह के तुरंत बाद अपनी पहली कैबिनेट बैठक के लिए विधान सौधा पहुंचे। यहां शिवकुमार ने सम्मान के संकेत के रूप में अपना माथा छूते हुए विधान भवन के सामने सिर झुकाया। बिल्डिंग में घुसने से पहले उन्होंने मीडिया को थम्स-अप और विक्ट्री साइन भी दिखाया।



