केदारनाथ में मौसम साफ होते ही यात्रा शुरू, कैंपों में रोके गए 20 हजार से ज्यादा श्रद्धालु हो रहे रवाना
केदारनाथ धाम के लिए आज यात्रा सुचारु रूप से शुरु हो गई है। आज सीमित संख्या में ही यात्रियों को धाम के लिए रवाना किया गया है। केदारनाथ मार्ग में जगह-जगह 20,657 हजार यात्री रोके गए हैं। आज मौसम साफ है और धाम में भी धूप खिली हुई है। बर्फ पिघलने की वजह से उत्पन्न श्रद्धालुओं को विषम परिस्थितियों में भगवान केदार के दर्शन कराना पुलिस प्रशासन के लिए चुनौती होगी, लेकिन स्थानीय प्रशासन ने इसके लिए कमर कस ली है। मौसम को देखते हुए यात्रियों को भगवान भोलेनाथ के दर्शन के लिए भेजा जा रहा है। सोनप्रयाग से अमेरिकी यात्रियों को आज यात्रा के लिए आगे भेजा गया है।
आज शुरू हुई यात्रा
केदारघाटी में कपाट खुलने के बाद से ही लगातार बर्फबारी हो रही है। 3 मई के लिए केदारघाटी में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया था, जिसके चलते यात्रा एक दिन के लिए स्थगित की गई थी। आज यात्रा शुरू कर दी गई है। 11 बजे सोनप्रयाग से केदारनाथ के लिए पैदल यात्रा शुरू की गई है।
सीमित संख्या में यात्री केदारनाथ भेजे जा रहे हैं- एसपी रुद्रप्रयाग
एसपी रुद्रप्रयाग डॉ. विशाखा अशोक भदाणे ने बताया कि यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यात्रा का संचालन किया जाएगा। सोनप्रयाग गौरीकुंड से सीमित संख्या में यात्री भेजे जा रहे हैं। पैदल मार्ग पर तैनात पुलिस एसडीआरएफ और डीडीआरएस के जवानों को भी पूरी तरह से सतर्क रहने को कहा गया है।




