Uncategorized

अवैध संबंध के कारण पत्नी और दो बच्चों की हत्या! पुलिस ने पति को किया गिरफ्तार, जानिए क्या है पूरा मामला

रांची: झारखंड के रांची जिले में जंगलों से एक महिला और उसके दो बच्चों के जले शव बरामद किये गये हैं। इस सिलसिले में उसके पति को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। खलारी के पुलिस उपाधीक्षक अनिमेष नैथानी ने बताया कि ठाकुरगांव थाना क्षेत्र के जंगल में एक महिला और उसके दो बेटों के जले हुए शव मिले हैं। उन्होंने बताया कि तीनों की पहचान रामगढ़ जिले के बसाल थाना क्षेत्र के रसदा क्षेत्र की ममता देवी (25), उसके बेटों आर्यन (आठ) और यशराज (चार) के रूप में हुई है। इस मामले में उनके पति को गिरफ्तार किया गया है।
डीएसपी अनिमेष नैथानी ने कहा कि जांच की जा रही है कि कहीं इन लोगों को आग लगाने से पहले मार तो नहीं दिया गया था। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से नमूने ले लिए हैं। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

महिला और दो बेटों के साथ मायके लिए निकली थी

पुलिस उपाधीक्षक के अनुसार महिला के पति ने पुलिस को बताया कि उसकी पत्नी दो बेटों के साथ तीन अप्रैल को लातेहार जिले के बालूमाठ स्थित अपने मायके के लिए घर से निकली थीं तब से ही वे लापता हैं। पुलिस के अनुसार उसने बासल थाने में गुमशुदगी की शिकायत भी दर्ज कराई थी। डीएसपी ने बताया कि प्राथमिक पूछताछ में पुलिस ने पाया कि पत्नी और पति के बीच कुछ विवाद थे। पत्नी के घर छोड़ने से पहले उनके बीच झगड़ा हुआ था। इसलिए पति से पूछताछ की जा रही है।

आरोपी पति का अपनी ही चचेरी भाभी के साथ अवैध संबंध

बताया गया है कि महिला के मायके वालों की शिकायत के बाद पुलिस ने पति को गिरफ्तार किया है। मायके वालों ने आरोप लगाया है कि आरोपी का अपनी ही चचेरी भाभी के साथ अवैध संबंध था। इसके अलावा दहेज के लिए अक्सर प्रताड़ित करने का भी आरोप लगाया गया है। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button