भारत जोड़ो यात्रा के बाद राहुल गांधी पहली बार विदेश जाएंगे, इंग्लैंड में 10 दिनों तक रह कर क्या करेंगे, यहां जानिए पूरा शेड्यूल

भारत जोड़ो यात्रा की सफलता से उत्साहित कांग्रेस नेता राहुल गांधी अब अगले हफ्ते इंग्लैंड का दौरा करने के लिए तैयार हैं. सूत्रों के मुताबिक, राहुल गांधी 28 फरवरी को 10 दिवसीय इंग्लैंड दौरे के लिए रवाना होंगे. इससे पहले वह 24 से 26 फरवरी तक छत्तीसगढ़ के रायपुर में कांग्रेस पार्टी के 85वां पूर्ण अधिवेशन में शामिल होंगे.
दरअसल, छत्तीसगढ़ के रायपुर में 24 फरवरी से कांग्रेस का 85वां पूर्ण अधिवेशन शुरू होना है. यह 26 फरवरी तक चलेगा. इसमें शामिल होने के दो दिन बाद राहुल इंग्लैंड के लिए निकल जाएंगे. कांग्रेस पार्टी के शीर्ष सूत्रों ने बताया कि यह राहुल के फेलोशिप से जुड़ी एक यात्रा है. वह 28 फरवरी से 4 मार्च तक इंग्लैंड में रहेंगे.
इंग्लैंड से लंदन जाएंगे
4 मार्च को राहुल लंदन के लिए रवाना हो जाएंगे. यह भी एक आधिकारिक यात्रा होगी. यहां वह व्यापारिक समुदाय के सदस्यों, राजनीतिक वर्ग के सदस्यों, भारतीय प्रवासियों और इंडियन ओवरसीज कांग्रेस के सदस्यों के साथ बातचीत करेंगे. इसके साथ ही इंडियन ओवरसीज कांग्रेस के प्रमुख सैम पित्रोदा भी उनके साथ होंगे.



