धनबाद: छठ महापर्व समाप्त होते ही दूसरे राज्यों में काम करने वाले लोगों की वापसी शुरू हो गई है। इसके चलते रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। ट्रेनों में कन्फर्म टिकट मिलना मुश्किल हो गया है। वेटिंग लिस्ट भी लगातार लंबी होती जा रही है। यात्रियों की परेशानी को देखते हुए पूर्व मध्य रेलवे ने कई विशेष ट्रेनों के परिचालन की व्यवस्था की है। इन ट्रेनों के माध्यम से दिल्ली, मुंबई, कोलकाता, पुणे, अहमदाबाद, बेंगलुरु, चंडीगढ़ और अमृतसर सहित कई शहरों तक यात्रा करना आसान होगा। रेलवे की ओर से जारी जानकारी के मुताबिक अलग-अलग रूटों पर नवंबर और दिसंबर में विशेष ट्रेनें चलाई जाएंगी। कुछ ट्रेनों का परिचालन नवंबर के अंतिम सप्ताह तक जारी रहेगा। वहीं, कई ट्रेनों की सेवा दिसंबर के पहले सप्ताह तक उपलब्ध होगी। इस सूची में रोजाना, साप्ताहिक और निर्धारित तारीखों पर चलने वाली ट्रेनें शामिल हैं। धनबाद से यात्रा करने वाले लोगों के लिए भी विशेष व्यवस्था की गई है। धनबाद से दिल्ली के बीच ट्रेन संख्या 03309 प्रत्येक शनिवार को 28 नवंबर तक चलेगी। वहीं, ट्रेन संख्या 03639 धनबाद से शकूरबस्ती के लिए सोमवार और शुक्रवार को 30 नवंबर तक परिचालित होगी। इसके अलावा धनबाद से सोगरिया के लिए ट्रेन संख्या 09822 का परिचालन 21 और 28 नवंबर को निर्धारित किया गया है। इन सेवाओं से यात्रियों को अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए अतिरिक्त विकल्प मिलेंगे।
धनबाद होकर गुजरने वाले यात्रियों को भी कई स्पेशल ट्रेनों का लाभ मिलेगा। डीडीयू, गया, गोमो और धनबाद के रास्ते कानपुर-कोलकाता की विशेष ट्रेन चलेगी। इसी मार्ग से आगरा कैंट-कोलकाता और योगनगरी ऋषिकेश-कोलकाता ट्रेनें भी गुजरेंगी। हावड़ा-खातीपुरा और झांसी-खुर्दा रोड के बीच भी विशेष रेल सेवा उपलब्ध रहेगी। दिल्ली जाने वाले यात्रियों के लिए बरौनी, दरभंगा, पटना, गया, मुजफ्फरपुर, सहरसा और पूर्णिया जैसे स्टेशनों से ट्रेनें चलाई जा रही हैं। इन सेवाओं में क्लोन स्पेशल, वंदे भारत स्पेशल और पूजा स्पेशल ट्रेनें शामिल हैं। मुंबई जाने के लिए रक्सौल, सहरसा, समस्तीपुर, दानापुर, पाटलिपुत्र और गया से विशेष ट्रेनें निर्धारित की गई हैं। ये ट्रेनें लोकमान्य तिलक टर्मिनस और बांद्रा टर्मिनस तक जाएंगी। पुणे जाने वाले यात्रियों के लिए मुजफ्फरपुर और दानापुर से हडपसर तक स्पेशल ट्रेनें उपलब्ध रहेंगी। इसके अलावा रांची-अजमेर, अजमेर-सांतरागाछी और रांची-आनंद विहार के बीच भी विशेष ट्रेनें चलाई जा रही हैं। मालदा टाउन-अहमदाबाद, अमृतसर-कटिहार, पूर्णिया-फिरोजपुर और गोरखपुर-आसनसोल रूट पर भी अतिरिक्त सेवाएं मिलेंगी। पूर्व मध्य रेलवे के क्षेत्राधिकार से गुजरने वाली इन ट्रेनों से अलग-अलग राज्यों के यात्रियों को राहत मिलने की उम्मीद है। रेलवे ने यात्रियों को यात्रा से पहले ट्रेन का नंबर, तारीख और समय जांचने की सलाह दी है। इसके लिए रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट या एनटीईएस की मदद ली जा सकती है। यात्रियों को टिकट बुक करने से पहले संबंधित ट्रेन की पूरी जानकारी अवश्य प्राप्त करनी चाहिए।



