JharkhandStates

झारखंड स्थापना दिवस पर 24 जिलों में हुई स्वच्छता दौड़.

रन फॉर क्लीनलीनेस के जरिए लोगों को दिया स्वच्छता का संदेश.

रांची: झारखंड के 26वें स्थापना दिवस के अवसर पर 15 नवंबर को राज्यभर में स्वच्छता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस मौके पर रांची समेत सभी 24 जिलों में रन फॉर क्लीनलीनेस का आयोजन हुआ। इसका उद्देश्य लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करना और उन्हें इस अभियान से जोड़ना था। कार्यक्रम के माध्यम से स्वच्छ, स्वस्थ और सुंदर झारखंड बनाने का संदेश दिया गया। रांची में दौड़ की शुरुआत मोरहाबादी स्थित बापू वाटिका से हुई। यहां से प्रतिभागियों ने अल्बर्ट एक्का चौक तक दौड़ लगाई। दौड़ के दौरान लोगों ने स्वच्छता, स्वास्थ्य और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। कार्यक्रम को मंत्री राधाकृष्ण किशोर, मंत्री संजय प्रसाद यादव और मंत्री योगेंद्र प्रसाद ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर राज्यसभा सांसद महुआ माजी और रांची विधायक सीपी सिंह भी मौजूद रहे। सभी जनप्रतिनिधियों ने संयुक्त रूप से दौड़ को रवाना किया। उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल सरकार या किसी विभाग की जिम्मेदारी नहीं है। इसे सफल बनाने के लिए प्रत्येक नागरिक की भागीदारी जरूरी है। लोगों से स्वच्छता को अपनी रोजमर्रा की आदत में शामिल करने की अपील की गई। कार्यक्रम के तहत चडरी तालाब स्थित छठ घाट पर सफाई अभियान भी चलाया गया। मंत्रियों और राज्यसभा सांसद ने स्वयं सफाई कर श्रमदान किया। उन्होंने लोगों को तालाबों और सार्वजनिक स्थानों को साफ रखने के लिए प्रेरित किया। जनप्रतिनिधियों ने कहा कि जलस्रोत हमारी प्राकृतिक धरोहर हैं और इनकी सुरक्षा सभी का दायित्व है।

अभियान के दौरान लोगों से सार्वजनिक स्थानों पर कचरा नहीं फैलाने की अपील की गई। साथ ही तालाबों और अन्य जलस्रोतों को प्रदूषण से बचाने का संदेश दिया गया। आयोजकों के अनुसार, राज्य के सभी 24 जिलों में एक साथ इस कार्यक्रम के आयोजन से स्वच्छता के प्रति जनभागीदारी बढ़ाने का प्रयास किया गया। युवाओं को भी सकारात्मक सामाजिक गतिविधियों से जोड़ने पर जोर दिया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य स्वच्छता को केवल एक दिन का अभियान नहीं, बल्कि जन-आंदोलन बनाना है। दौड़ समाप्त होने के बाद पुरुष और महिला वर्ग के विजेताओं को सम्मानित किया गया। पुरुष वर्ग में कुंदन महतो ने पहला स्थान हासिल किया। विवेकानंद दूसरे और विमल उरांव तीसरे स्थान पर रहे। महिला वर्ग में पूजा सिंह ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। ममता कुमारी दूसरे और सावित्री कुमारी तीसरे स्थान पर रहीं। सभी विजेताओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। इस आयोजन के माध्यम से लोगों ने स्वच्छ झारखंड, स्वस्थ झारखंड और सुंदर झारखंड बनाने का संकल्प लिया।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button