टायर से बनी चप्पलें पहनी, गांव में करते थे चरवाहे का काम, जानिए सबसे गरीब MLA की कहानी
छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव 2018 में कांग्रेस को जीत मिली। राज्य में पार्टी की सरकार बनी। 2018 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने 68 सीटें जीती थीं। इन 68 विधायकों में से एक विधायक ऐसा भी है, जो बहुत गरीब है। चुनावी किस्से में आज आपको चंद्रपुर से विधायक रामकुमार यादव की कहानी बता रहे हैं। राम कुमार के माता-पिता दूसरों के खेत में मजदूरी करते थे। खुद के पास जमीन का एक टुकड़ा भी नहीं था। राम कुमार यादव ने 2018 के अपने चुनावी हलफनामे में बताया था कि उनके पास मात्र 30464 रुपए हैं। राम कुमार के नेता बनने की कहानी भी बेहद दिलचस्प है।
गरीबी के कारण राम कुमार यादव चरवाहे का काम करते थे। जांजगीर चांपा जिले के चंद्रपुर विधानसभा के विधायक राम कुमार यादव 18 साल की उम्र से ही राजनीति में सक्रिय हो गए थे। दरअसल, राम कुमार यादव के गांव में सड़क नहीं थी। जिस कारण दूसरे गांव के लोग उनके गांव का मजाक उड़ाते थे। ये बात राम कुमार को अच्छी नहीं लगी। जिसके बाद उन्होंने गांव में पक्की सड़क बनवाने का फैसला किया। रामकुमार यादव ने पक्की सड़क बनने के लिए कई संघर्ष किए। यहीं से उनके राजनीतिक जीवन की शुरुआत हुई।




