Jharkhand

ढोल-नगाड़े के साथ पुलिस ने पीएलएफआई अध्यक्ष मार्टिन केरकेट्टा के घर पर की रेड, दरवाजे पर चस्पा किया इश्तेहार

खूंटी-पीएलएफआई नक्सलियों के खिलाफ खूंटी पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इस सिलसिले में रनिया पुलिस ने नक्सली संगठन के अध्यक्ष मार्टिन केरकेट्टा के घर पर छापेमारी की। पुलिस ने ढोल बजाकर और माइक से अनाउंसमेंट करके मार्टिन के घर पर इश्तेहार चस्पा किया।

पुलिस ने ग्रामीणों को सख्त लहजे में चेतावनी दी कि वे नक्सली को अपने घर में पनाह न दें और उसे खाना-पानी न दें। ग्रामीणों से अपील की गई है कि अगर कोई उसे पनाह देता है, तो उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा सकती है। इश्तेहार चस्पा करने के बाद पुलिस ने माइक से घोषणा कर मार्टिन केरकेट्टा के बारे में जानकारी दी और परिजनों व ग्रामीणों से अपील की कि वे उसे सरकार की सरेंडर नीति के तहत मुख्यधारा में शामिल होने के लिए कहें या फिर न्यायालय में जाकर अपना पक्ष रखें। अन्यथा पुलिस कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस ने ग्रामीणों से कहा कि वे किसी भी तरह से नक्सली की मदद न करें। खूंटी एसपी अमन कुमार ने बताया कि 15 लाख रुपये के इनामी नक्सली मार्टिन केरकेट्टा के खिलाफ खूंटी जिले और आसपास के जिलों में कई नक्सली मामलों में नाम दर्ज है। हाल के दिनों में रनिया थाना क्षेत्र में दर्ज दो अन्य नक्सली मामलों के सिलसिले में पुलिस ने उसे गिरफ्तार करने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली।

एसपी ने बताया कि मार्टिन केरकेट्टा की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने उसके घर पर इश्तेहार चस्पा किया। घर का दरवाजा बंद होने के कारण इश्तेहार घर के दरवाजे पर चस्पा किया गया और ग्रामीणों को उसकी करतूतों के बारे में बताया गया। पुलिस ने चेतावनी दी कि नक्सली को संरक्षण देना कानूनी अपराध की श्रेणी में आता है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button