खेलो झारखंड 2024 का कोडरमा में शुभारंभ, ग्रामीण बच्चों को मिला प्रतिभा दिखाने का मौका

कोडरमा में ‘खेलो झारखंड 2024’ का आगाज, ग्रामीण बच्चों को मिला प्रतिभा दिखाने का मौका
कोडरमा:* ‘खेलेंगे, पढ़ेंगे, आगे बढ़ेंगे हम’ के संकल्प के साथ ‘खेलो झारखंड 2024’ का आगाज कोडरमा में हो गया है। इस प्रतियोगिता के तहत जिले के जेजे कॉलेज में विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है। स्कूल और प्रखंड स्तर पर आयोजित प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को जिला स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेने का अवसर मिलेगा।
‘खेलो झारखंड’ प्रतियोगिता 25 सितंबर तक चलेगी, जिसमें 100 मीटर, 200 मीटर, 400 मीटर और 1500 मीटर दौड़ के साथ-साथ रिले रेस, कबड्डी, वॉलीबॉल, भाला फेंक और गोला फेंक जैसे खेल शामिल हैं। इस प्रतियोगिता में जिले के सभी सरकारी स्कूलों के बच्चे भाग ले रहे हैं।
जेजे कॉलेज में आयोजित इस प्रतियोगिता का शुभारंभ उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने किया और छात्रों को प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि यह खेलो झारखंड प्रतियोगिता ग्रामीण बच्चों की प्रतिभा को उजागर करने का एक बेहतरीन मंच है।
प्रतियोगिता में शामिल छात्राएं बहुत उत्साहित हैं और इस मौके को अपने खेल कौशल को दिखाने का अवसर मान रही हैं। उनका कहना है कि पहले इस तरह के मौके नहीं मिलते थे, लेकिन अब खेलो झारखंड के तहत उनकी प्रतिभा को निखारने का मौका मिला है। अच्छे प्रदर्शन के आधार पर जिला स्तर पर चयनित बच्चे राज्य और फिर राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में भाग लेने की उम्मीद कर रहे हैं।


