बदलने लगा माहौल… नीतीश ने बदला पाला तो क्या पूरी तरह टूट जाएगा I.N.D.I.A गठबंधन
पीएम मोदी ने आज यूपी के बुलंदशहर से लोकसभा चुनाव का शंखनाद कर दिया है। बीजेपी पूरी ताकत के साथ चुनावी रण में उतरने को तैयार हैं। लेकिन बीजेपी को घेरने में जुटे विपक्षी दलों के गठबंधन की हालत पतली होती दिख रही है। दरअसल राहुल गांधी चुनाव से पहले ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ के जरिए देशवाासियों को एकजुट करने निकले हैं, उधर विपक्षी दलों का इंडिया गठबंधन टूट की कगार पर खड़ा होता दिख रहा है। एक के बाद एक इंडिया गठबंधन के लिए बुरी खबर आ रही है। पहले ममता ने एकला चलो का ऐलान किया तो केजरीवाल ने भी दूरी बना ली। भगवंत मान ने अकेले ही पंजाब में लोकसभा चुनाव का बिगुल फूंक दिया। बीजेपी से कांग्रेस में गए कर्नाटक के पूर्व सीएम शेट्टार भी वापस आज बीजेपी में लौट आए और अब नीतीश के वापस एनडीए में लौटने की अटकलें तेज हो गई हैं। राजनीतिक जानकारों का कहना है कि अगर नीतीश कुमार ने एनडीए में वापसी कर ली तो इंडिया गठबंधन का वजूद संकट में आ जाएगा और इंडिया गठबंधन चुनाव से पहले पूरी तरह टूट जाएगा।
अयोध्या में राम मंदिर उद्घाटन के बाद बीजेपी लोकसभा चुनाव को लेकर और ज्यादा ऐक्टिव नजर आ रही है। पीएम मोदी ने खुद चुनाव प्रचार की कमान संभाल ली है। यूपी के बुलंदशहर से आज पीएम मोदी ने लोकसभा चुनाव का बिगुल फूंक दिया है। किसी भी वक्त चुनाव आयोग लोकसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान कर सकता है। उधर बीजेपी और पीएम मोदी को लोकसभा चुनाव में कांटे की टक्कर देने का दावा करने वाला इंडिया गठबंधन चुनाव से पहले ही टूट की कगार पर खड़ा हो गया है। ममता बनर्जी और भगवंत मान के बाद अब नीतीश कुमार के पाला बदलने की अटकलें भी तेज हो गई हैं। सियासी गलियारों में चर्चा तेज है कि बिहार के सीएम नीतीश कुमार बिहार सीएम के पद से इस्तीफा देकर एनडीए का दामन थाम सकते हैं। राजनीतिक जानकारों का कहना है कि कांग्रेस को इस बात का डर सता रहा है कि अगर ममता बनर्जी के बाद नीतीश कुमार ने साथ छोड़ दिया तो इंडिया गठबंधन की अबतक की चुनावी तैयारियों में पानी फिर जाएगा और कांग्रेस को लोकसभा चुनाव को लेकर फिर से नई प्लानिंग करनी होगी। कम वक्त में नई रणनीति के साथ आगे बढ़ना कांग्रेस के लिए आसान नहीं होगा।
इंडिया गठबंधन से क्यों नाराज हैं नीतीश?
बिहार में सत्ता परिवर्तन को लेकर चर्चा जोरों पर है। नीतीश कुमार के बिहार सीएम का पद छोड़ने की अटकलें तेज हैं। बिहार की सियासत से बेरुखी से पहले नीतीश की इंडिया गठबंधन से नाराजगी की अटकलें भी काफी तेज थीं। वह गठबंधन की मीटिंग को आधे में छोड़कर लौट गए थे। 2024 के लोकसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को चुनौती देने के लिए विपक्षी दलों ने एक इंडिया गठबंधन तैयार किया है। हाल ही में इसमें शामिल सभी 28 राजनीतिक दलों की दिल्ली में बैठक हुई थी। इस बैठक में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे का नाम प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार के तौर पर उछला। इसके बाद विपक्षी दलों के बीच रार ठन गई है। जनता दल (यूनाइटेड) के एक वरिष्ठ नेता ने खड़गे का नाम प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार के रूप में आगे बढ़ाए जाने पर नाराजगी व्यक्त की थी। राजनीतिक जानकारों का कहना है कि इंडिया गठबंधन में खुद का कद घटता देख नीतीश कुमार बेहद नाराज हैं। अब वह अपने पुराने सहयोगी एनडीए की ओर जाने का मन बना सकते हैं।



