झारखंड में 2 से 4 जनवरी तक बारिश की संभावना, जानें 1 जनवरी के लिए मौसम विभाग का येलो अलर्ट
झारखंड में जनवरी महीने की शुरुआत के साथ ही मौसम में भी बदलाव का अनुमान है। मौसम विभाग की ओर से एक जनवरी को राज्य के पश्चिमी, निकटवर्ती मध्य और दक्षिणी भागों में कहीं-कहीं घना कोहरा छाए रहने का अनुमान लगाया गया है। इसे लेकर मौसम विभाग की ओर से येलो अलर्ट भी जारी किया गया है।
रांची स्थित भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के वरीय वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि अगले दो दिनों के दौरान न्यूनतम तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। इसके बाद अगले 3 दिनों में इसमें धीरे-धीरे 2 से 4 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हो सकती है। मौसम विभाग के अनुसार 1 जनवरी को सुबह में मध्यम दर्जे का कोहरा और बाद में आसमान मुख्यतः साफ रहने की उम्मीद है।
2 से 6 जनवरी तक बारिश की संभावना
झारखंड में 2 से 6 जनवरी तक विभिन्न हिस्सों में बारिश की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार 2 और 3 जनवरी को राज्य के उत्तर-पश्चिमी और मध्य भागों में कहीं-कहीं पर हल्के दर्जे की बारिश की संभावना है। जबकि 4 जून को उत्तर-पश्चिमी, मध्य और दक्षिणी भागों में कहीं-कहीं पर हल्के दर्जे की बारिश होने की संभावना है। 4 और 6 जनवरी को भी कहीं-कहीं पर हल्के दर्जे की बारिश की संभावना है। इस दौरान रांची और आसपास में न्यूनतम तापमान 12 से 14 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है।



